
नईदुनिया प्रतिनिधि,इंदौर। अंतरराष्ट्रीय बुलियन वायदा मार्केट में सोने और चांदी में मुनाफावसूली की बिकवाली आने और निवेशकों की मांग कम होने से सोना और चांदी वायदा में गिरावट रही। गुरुवार को कामेक्स पर सोना वायदा 28 डालर टूटकर 4390 डालर प्रति औंस और चांदी वायदा 135 सेंट घटकर 65.02 डालर प्रति औंस पर कारोबार करती देखी गई।
भारतीय बाजार में भी चांदी में लेवाल की तुलना में बिकवाल ज्यादा होने से कीमतों में नरमी रही। चांदी चौरसा 1200 रुपये टूटकर 233300 रुपये प्रति किलो रह गई। वहीं सोने में ज्वेलर्स की लेवाली राखी त्योहार को ध्यान में रखते हुए बनी होने और सप्लाई टाइट होने के कारण सुधार का क्रम चौथे दिन भी जारी रहा।
इंदौर में सोना केडबरी 600 रुपये बढ़कर एक बार फिर 150000 रुपये प्रति दस ग्राम पर पहुंच गया। ज्वेलर्स का कहना है कि अगले सप्ताह से राखी पूर्व की मांग बाजार में देखने को मिल सकती है।
ऐसे में बाजार स्थिर हो जाते है तो ग्राहकी जोरदार रहेगी। दूसरी और अमेरिकी महंगाई के आंकड़े उम्मीद के मुताबिक रहे और इससे यह उम्मीद और मजबूत हुई कि फेडरल रिजर्व सितंबर में ब्याज दरों में कोई बदलाव नहीं करेगा।
जून में 0.4 प्रतिशत की गिरावट के बाद, जुलाई में अमेरिकी उपभोक्ता महंगाई 0.1 प्रतिशत बढ़ी, जो अनुमान के मुताबिक है। वहीं, कमजोर रोजगार आंकड़ों ने निकट भविष्य में ब्याज दरें बढ़ने की उम्मीद को और कम कर दिया। बाजार अब सितंबर में ब्याज दरें बढ़ने की 48 प्रतिशत संभावना मान रहा है।जो सप्ताहभर पहले 60 प्रतिशत थी।
प्रमुख एशियाई बाजारों में सोने की फिजिकल मांग मिली-जुली रही। भारत में, सोने पर डिस्काउंट पिछले हफ्ते के 44 डालर प्रति औंस से बढ़कर 47 डालर प्रति औंस हो गया, क्योंकि कीमतें एक महीने से ज्यादा के उच्चतम स्तर पर पहुंचने के बाद रिटेल खरीदार सतर्क रहे।
चीन में प्रीमियम 5-8 डॉलर से घटकर 3-5 डालर प्रति औंस हो गया। हांगकांग और सिंगापुर के बाजार अपेक्षाकृत सुस्त रहे। जापान में मांग में मामूली सुधार दिखा और बुलियन की ट्रेडिंग स्पॉट के आसपास हुई।
कामेक्स वायदा पर सोना 4390 डालर तक जाने के बाद ऊपर में 4449 डालर और नीचे में 4364 डालर प्रति औंस और चांदी 65.02 डालर तक जाने के बाद ऊपर में 66.29 डालर और नीचे में 64.22 डालर प्रति औंस पर कारोबार करती देखी गई।
सोना केडबरी रवा नकद में 150000, सोना आरटीजीएस में 152150 (जीएसटी अतिरिक्त), सोना 22 कैरेट 139450 रुपये प्रति दस ग्राम (जीएसटी अतिरिक्त) है। बुधवार को सोना 149400 रुपये पर बंद हुआ। चांदी चौरसा 233300, आरटीजीएस 232500, चांदी टंच 234000 प्रति किलो और चांदी सिक्का 2580 रुपये (प्रति नग) के भाव बोले गए। बुधवार को चांदी 234500 रु. पर बंद हुई थी।