
इंदौर। सोने की कीमतों में लगातार गिरावट देखने को मिल रही है। आशंका है कि ये गिरावट आगे भी जारी रह सकता है। दिसंबर में अमेरिका के फेडरल रिजर्व ब्याज दरों को लेकर फैसला करेगा। अनुमान है कि ब्याज दरों में 0.25 प्रतिशत की बढ़ोतरी हो सकती है, ऐसे में सोने की कीमतों में 10 से 20 प्रतिशत तक की गिरावट होने की संभावना है। साथ ही इससे चांदी की कीमतें भी प्रभावित होगी।
इन सभी परिस्थितियों को देखते हुए सोने में निवेश के लिए यह समय उपयुक्त है। यदि लंबे समय के लिए निवेश करना चाहते हैं तो दिसंबर तक इंतजार करना बेहतर होगा। इसके बाद जनवरी में निवेश किया जा सकता है। इसके लिए अलावा नुकसान से बचने के लिए अलग-अलग धातुओं में निवेश कर सकते हैं।
यह बातें इंस्टिट्यूट आफ चार्टेड अकाउंटेंट्स आफ इंडिया के इंदौर चैप्टर के अध्यक्ष सीए समकित भंडारी और फाइनेंशियल एस्ट्रोलाजिस्ट श्वेता जैन ने नईदुनिया विमर्श में कही। सीए समकित भंडारी के अनुसार, दिसंबर में अमेरिकी फेडरल रिजर्व के फैसले सोने के बाजार के लिए महत्वपूर्ण है।
ब्याज दरों में बढ़ोतरी होने पर निवेशकों के लिए सरकारी बांड और दूसरे ब्याज आधारित निवेश विकल्प आकर्षक हो जाते हैं। ऐसे में सोने में लगा पैसा दूसरे विकल्पों की तरफ जा सकता है। इसके साथ ही दुनिया में जब भी युद्ध, राजनीतिक तनाव या आर्थिक संकट की स्थिति बनती है तो निवेशक शेयर बाजार और दूसरे निवेश विकल्पों से पैसा निकालकर सोने की तरफ जाते हैं। यही कारण है कि अमेरिका, भारत, इजरायल या एशिया के दूसरे शेयर बाजारों में गिरावट आने पर सोने की मांग बढ़ने लगती है।
चांदी को लेकर सीए भंडारी ने और ज्यादा सावधानी बरतने की बात कही। उनका कहना है कि चांदी में बड़े फंड और अंतरराष्ट्रीय निवेशक तेजी से पैसा लगाते और निकालते हैं। यही वजह है कि इसकी कीमत में कम समय में बड़ी तेजी और फिर उतनी ही बड़ी गिरावट आ सकती है।
उन्होंने पुराने बाजार का उदाहरण देते हुए बताया कि चांदी एक दौर में करीब 80 हजार रुपये तक पहुंची थी, लेकिन गिरावट के बाद करीब 40 हजार रुपये के स्तर पर आकर लंबे समय तक अटकी रही। ऐसे में ऊंचे भाव पर खरीदारी करने वाले निवेशकों को कई साल तक नुकसान सहना पड़ा। उनके मुताबिक, सोने की तुलना में चांदी में सट्टेबाजी का असर ज्यादा दिखाई देता है।
सोने की कीमतों में गिरावट का असर गोल्ड लोन देने वाले बैंकों और एनबीएफसी पर भी पड़ सकता है। यदि किसी ग्राहक ने एक लाख रुपये के सोने पर लोन लिया और बाद में उस सोने की कीमत 60 हजार रुपये रह गई तो बैंक के लिए जोखिम बढ़ जाएगा। ग्राहक से अतिरिक्त पैसा मांगने का अधिकार भी तभी होगा, जब लोन की शर्तों में इसका प्रविधान हो। ऐसे मामलों में बैंकों के फंसे कर्ज यानी एनपीए बढ़ने की आशंका है।