
बिजनेस डेस्क। केंद्रीय पेंशनभोगियों और पारिवारिक पेंशनभोगियों के लिए रविवार का दिन बड़ी राहत लेकर आया। केंद्र सरकार ने बढ़ती महंगाई से निपटने के लिए महंगाई राहत (DR) में 2 प्रतिशत की बढ़ोतरी करने का आदेश जारी किया है। इस वृद्धि के बाद अब पेंशनर्स को मिलने वाला कुल DR 58% से बढ़कर 60% हो गया है।
पेंशन और पेंशनभोगी कल्याण विभाग द्वारा जारी कार्यालय ज्ञापन के अनुसार, यह नई दरें 1 जनवरी 2026 से प्रभावी मानी जाएंगी। इसका अर्थ यह है कि पेंशनभोगियों को जनवरी से अब तक के बढ़े हुए अंतर का एरियर (बकाया राशि) भी उनके खातों में क्रेडिट किया जाएगा।

सरकार के इस फैसले का लाभ उन सभी वर्गों को मिलेगा जो केंद्र सरकार के दायरे में आते हैं:
अक्सर देखा जाता है कि सरकारी आदेशों के बाद बैंकों से भुगतान में देरी होती है, लेकिन इस बार सरकार ने पहले ही स्थिति स्पष्ट कर दी है। विभाग ने सभी पेंशन वितरण बैंकों (Banks) और अकाउंटेंट जनरल कार्यालयों को निर्देश दिए हैं कि वे किसी अन्य आदेश का इंतजार किए बिना तुरंत कैलकुलेशन शुरू करें और बढ़ी हुई राशि का भुगतान सुनिश्चित करें।
यह भी पढ़ें- सुकन्या समृद्धि योजना: घर बैठे सुरक्षित करें बेटी का भविष्य, ऐसे करें ऑनलाइन पैसे जमा; यह है पूरा प्रोसेस
सरकार ने भुगतान प्रक्रिया को सरल बनाने के लिए एक विशेष नियम भी स्पष्ट किया है। यदि गणना के दौरान भुगतान की राशि में एक रुपये का कोई अंश (पैसे) आता है, तो उसे अगले पूर्ण रुपये (Round off to next higher rupee) में बदल दिया जाएगा। उदाहरण के लिए, यदि गणना के बाद 10 पैसे भी बढ़ते हैं, तो उसे पूरा 1 रुपया माना जाएगा।
महंगाई की मार झेल रहे बुजुर्गों के लिए यह 2% की बढ़ोतरी एक बड़ा वित्तीय संबल प्रदान करेगी। वित्त मंत्रालय के परामर्श से लिया गया यह निर्णय जीवन यापन की बढ़ती लागत को संतुलित करने की दिशा में एक प्रभावी कदम माना जा रहा है।