
नईदुनिया प्रतिनिधि,इंदौर। विदेश से आ रही खबरों ने भारतीय सराफा बाजार में भारी गिरावट की स्थिति निर्मित की। अमेरिकी डालर की मजबूती और अगले महीने फेडरल रिजर्व द्वारा ब्याज दर बढ़ाए जाने की उम्मीदों से निवेशक घबराहट में बिकवाली कर रहे हैं।
सोना बीते आठ महीनों की सबसे बड़ी साप्ताहिक गिरावट की ओर बढ़ रहा है। सप्ताह के अंतिम कारोबारी दिवस शुक्रवार देर शाम तक कामेक्स पर सोना वायदा 141 डालर टूटकर 3586 डालर प्रति औंस और चांदी वायदा 254 सेंट घटकर 42.67 डालर प्रति औंस पर कारोबार करती देखी गई जिसके चलते भारतीय बाजार में इस सप्ताह के पांचवें दिन भी गिरावट जारी रही।
इंदौर में एक ही दिन में सोना केडबरी नकद में 6100 रुपये टूटकर 127500 रुपये प्रति दस ग्राम रह गया। आरटीजीएस में सोना 5800 रुपये घटकर 123800 रुपये प्रति दस ग्राम और चांदी चौरसा नकद में 8000 रुपये घटकर 157000 रुपये प्रति किलो रह गई।
बुलियन कारोबारियों का कहना है कि फेड गवर्नर क्रिस्टोफर वालर ने संकेत दिया है कि नीति निर्माताओं को दिसंबर में 50 बेसिस पाइंट की बढ़ोतरी पर विचार करना पड़ सकता है। 2027 में मौद्रिक सख्ती की गति तेज करने का संकेत देना पड़ सकता है।
अक्टूबर की एफओएमसी बैठक के मिनट्स जाहिर कर रहे हैं कि फेड के ज्यादातर सदस्य महंगाई को वापस 2 प्रतिशत के लक्ष्य तक लाने के लिए ब्याज दरों में और बढ़ोतरी को सही मानते हैं।
निकट अवधि में भले सोने पर दबाव है लेकिन यूबीएस का अनुमान है कि केंद्रीय बैंकों की खरीदारी, चीन की मांग, ईटीएफ होल्डिंग्स और सरकारी कर्ज को लेकर बढ़ती चिंताओं के चलते, जून 2027 तक सोने की कीमत 4,600 डालर और दिसंबर 2027 तक 5,000 डालर तक पहुंच सकती है।
बेस मैटल के बाजार में भी उठापटक है। तांबा (कापर) भी मार्च के बाद के सबसे निचले स्तर पर पहुंच गया। ग्लोबल मार्केट्स के जानकार कह रहे हैं कि मैटल्स में बिकवाली के कई कारण हैं, जिनमें सबसे प्रमुख है आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस पर खर्च की स्थिरता और उसमें कापर की भूमिका को लेकर बढ़ती शंका।
भारतीय बाजारों में सोने-चांदी की कीमतों में आई जोरदार गिरावट के बाद बाजार में खरीदारों की संख्या अच्छी देखने को मिल रही है। दरअसल, लग्नसरा का सीजन को ध्यान में रखते हुए गहनों में कारोबार पिछले कुछ दिनों से लगातार बढ़ रहा है।
कामेक्स वायदा पर सोना 3586 डालर प्रति औंस, ऊपर में वायदा 3636 डालर और नीचे में वायदा 3514 डालर प्रति औंस चांदी वायदा 45.67 डालर प्रति औंस, ऊपर वायदा में 42.67 डालर और नीचे में वायदा 43.20 डालर प्रति औंस पर कारोबार करती देखी गई।
इंदौर के बंद भाव- सोना केडबरी रवा नकद में 127500, सोना आरटीजीएस में 123800, (जीएसटी अतिरिक्त), सोना 22 कैरेट 113500 (जीएसटी अतिरिक्त) रुपये प्रति दस ग्राम बोला गया। गुरुवार को सोना 133600 रुपये पर बंद हुआ था। चांदी चौरसा 157000, चांदी आरटीजीएस 152300, चांदी टंच 157000 रुपये प्रति किलो के भाव बोले गए। चांदी सिक्का 2130 रुपये (प्रति नग) के भाव बोले गए। गुरुवार को चांदी चौरसा 165000 रुपये पर बंद हुई थी।