
नईदुनिया प्रतिनिधि,इंदौर। अमेरिकी डालर का मजबूत होना और फेडरल रिजर्व के अधिकारियों के सख्त संकेतों रहे है उन्होंने लगातार बनी हुई महंगाई की चिंताओं के बीच ब्याज दरों में और बढ़ोतरी की संभावना जताई है। इससे अंतरराष्ट्रीय बुलियन मार्केट में कारोबार बेहद सुस्त बना हुआ है।
इस सप्ताह के लगातार दूसरी दिन भी सोने-चांदी में गिरावट दर्ज की गई। कामेक्स पर सोना वायदा 6 डालर टूटकर 3867 डालर प्रति औंस और चांदी वायदा 37 सेंट घटकर 47.43 डालर प्रति औंस पर कारोबार करती देखी गई।
इसके चलते भारतीय बाजारों में भी सोने और चांदी की कीमतों में मंदी का सिलसिला जारी रहा। मंगलवार को इंदौर में सोना केडबरी 800 रुपये टूटकर 138100 रुपये प्रति दस ग्राम और चांदी चौरसा 1000 रुपये घटकर 173600 रुपये प्रति किलो रह गई।
ज्वेलर्स का कहना है कि बाजार गिरने से गहनों में अच्छी ग्राहकी देखने को मिल रही है। सराफा बाजार के और शोरुमों पर लग्नसरा वालों की भरपूर खरीदारी देखी जा रही है। फेड अध्यक्ष केविन वार्श की टिप्पणी से पहले बाजार सतर्क बना हुआ है।
हालांकि, चीन के केंद्रीय बैंक द्वारा लगातार सोना खरीदने से बाजार को कुछ सहारा मिला है। अक्टूबर में चीन का स्वर्ण भंडार बढ़कर 78.3 मिलियन फाइन ट्राय औंस हो गया, जो लगातार 24 महीनों से जारी खरीदारी को दर्शाता है।
कामेक्स वायदा - सोना वायदा 3867 डालर प्रति औंस, ऊपर में वायदा 3886 डालर और नीचे में वायदा 3843 डालर प्रति औंस चांदी वायदा 47.43 डालर प्रति औंस, ऊपर वायदा में 48.00 डालर और नीचे में वायदा 46.81 डालर प्रति औंस पर कारोबार करती देखी गई।
इंदौर के बंद भाव- सोना केडबरी रवा नकद में 138100, सोना आरटीजीएस में 133800, (जीएसटी अतिरिक्त), सोना 22 कैरेट 122650 (जीएसटी अतिरिक्त) रुपये प्रति दस ग्राम बोला गया।
सोमवार को सोना 138900 रुपये पर बंद हुआ था। चांदी चौरसा 173600, चांदी आरटीजीएस 168500, चांदी टंच 173600 रुपये प्रति किलो के भाव बोले गए। चांदी सिक्का 2200 रुपये (प्रति नग) के भाव बोले गए। सोमवार को चांदी चौरसा 174600 रुपये पर बंद हुई थी।