
नईदुनिया प्रतिनिधि,इंदौर। अमेरिका के उम्मीद से बेहतर आर्थिक आंकड़ों और फेडरल रिजर्व के सख्त रुख ने बुलियन मार्केट की धारणा पर दबाव बनाए रखा है लेकिन सटोरिये कागजी सट्टेबाजी के साथ ही छोटे निवेशकों की नीचे दामों पर लेवाली आने से सोने-चांदी की कीमतों में दूसरे दिन भी तेजी देखने को मिली है।
सप्ताह के अंतिम कारोबारी दिवस शुकवार को देर शाम तक कामेक्स पर सोना वायदा 106 डालर उछलकर 3678 डालर प्रति औंस और चांदी वायदा 265 सेंट बढ़कर 44.29 डालर प्रति औंस पर कारोबार करती देखी गई। इसके इसके चलते भारतीय बाजार में भी सोने-चांदी में तेजी जारी रही।
इंदौर में सोना केडबरी 1300 रुपये बढ़कर 129800 रुपये प्रति दस ग्राम और चांदी चौरसा 5800 रुपये बढ़कर 157000 रुपये प्रति किलो पर पहुंच गई।
ज्वेलर्स का कहना है कि बाजार फिलहाल सटोरियों के हाथों में है जबकि फेड की ब्याज दरें बढ़ने की पूरी उम्मीद है जिससे बुलियन मार्केट की धारणा बड़ी तेजी की नहीं है लेकिन सटोरियों द्वारा बेवजह तेजी का वातावरण बनाया जा रहा है।
बड़े ज्वेलर्स की नजरें दिसंबर में होने वाली अमेरिकी फेडरल रिजर्व की बैठक पर टिकी हुई है। महंगाई के ऊंचे आंकड़ों के बीच फेड ब्याज दरें बढ़ाता है या फिर स्थिर रखता है। इस फैसले से आगे सोने-चांदी की कीमतों को सही दिशा मिल पाएगी।
कामेक्स वायदा - सोना वायदा 3678 डालर प्रति औंस, ऊपर में वायदा 3685 डालर और नीचे में वायदा 3556 डालर प्रति औंस चांदी वायदा 44.29 डालर प्रति औंस, ऊपर वायदा में 44.56 डालर और नीचे में वायदा 41.18 डालर प्रति औंस पर कारोबार करती देखी गई।
इंदौर के बंद भाव- सोना केडबरी रवा नकद में 129800, सोना आरटीजीएस में 126200, (जीएसटी अतिरिक्त), सोना 22 कैरेट 115700 (जीएसटी अतिरिक्त) रुपये प्रति दस ग्राम बोला गया।
गुरुवार को सोना 128500 रुपये पर बंद हुआ था। चांदी चौरसा 157000, चांदी आरटीजीएस 152900, चांदी टंच 157000 रुपये प्रति किलो के भाव बोले गए। चांदी सिक्का 1980 रुपये (प्रति नग) के भाव बोले गए। गुरुवार को चांदी चौरसा 151200 रुपये पर बंद हुई थी।