
नईदुनिया प्रतिनिधि,इंदौर। अंतरराष्ट्रीय बुलियन वायदा मार्केट में सप्ताह के अंतिम कारोबारी दिवस शुक्रवार को देर शाम तक सटोरियों और निवेशकों की मुनाफावसूली की बिकवाली का दबाव रहने से सोने-चांदी वायदा में गिरावट रहबी। दरअसल, तेल की कीमतों में उछाल के कारण महंगाई की चिंताएं बढ़ गईं और ब्याज दरों के लंबे समय तक ऊंचे बने रहने की उम्मीदें मजबूत हुई।
इस वजह से कामेक्स पर सोना वायदा 53 डालर टूटकर 3897 डालर प्रति औंस और चांदी वायदा 110 सेंट घटकर 50.01 डालर प्रति औंस पर कारोबार करती देखी गई। इसके चलते इंदौर मार्केट में भी सोने और चांदी की कीमतों में मंदी का सिलसिला जारी रहा।
शुक्रवार को इंदौर में सोना केडबरी 1000 रुपये टूटकर 140000 रुपये प्रति दस ग्राम और चांदी चौरसा 3000 रुपये टूटकर 181800 रुपये प्रति किलो रह गई। घटे दामों पर भी बाजार में फिलहाल ग्राहकी सीमित है। फेड अधिकारियों ने ब्याज दरों में और बढ़ोतरी का समर्थन किया है।
चूंकि महंगाई अभी भी केंद्रीय बैंक के दो फीसद के लक्ष्य से ऊपर है, इसलिए वे धीरे-धीरे सख्ती बढ़ाने के पक्ष में हैं। नीतिगत संकेतों को देखते हुए, गोल्डमैन सैक्स ने 2026 के अंत के लिए सोने की कीमत का अपना अनुमान 4,650 डालर प्रति औंस से घटाकर 4,150 डालर प्रति औंस कर दिया है, और 2027 के अंत के लिए अनुमान 5,400 डालर प्रति औंस से घटाकर 4,800 डालर प्रति औंस कर दिया है। वहीं, सिटी बैंक ने 0-3 महीने के लिए 4,500 डालर प्रति औंस और 6-12 महीने के लिए 5,000 डालर प्रति औंस का लक्ष्य रखा है।
कामेक्स वायदा पर सोना 3897 डालर प्रति औंस, ऊपर में वायदा 3923 डालर और नीचे में वायदा 3874 डालर प्रति औंस चांदी वायदा 50.01 डालर प्रति औंस, ऊपर वायदा में 50.78 डालर और नीचे में वायदा 49.58 डालर प्रति औंस पर कारोबार करती देखी गई।
इंदौर के बंद भाव- सोना केडबरी रवा नकद में 140000, सोना आरटीजीएस में 135950, (जीएसटी अतिरिक्त), सोना 22 कैरेट 124600 (जीएसटी अतिरिक्त) रुपये प्रति दस ग्राम बोला गया। गुरुवार को सोना 141000 रुपये पर बंद हुआ था। चांदी चौरसा 181800, चांदी आरटीजीएस 176300, चांदी टंच 181800 रुपये प्रति किलो के भाव बोले गए। चांदी सिक्का 2250 रुपये (प्रति नग) के भाव बोले गए। गुरुवार को चांदी चौरसा 184800 रुपये पर बंद हुई थी।