
नईदुनिया प्रतिनिधि,इंदौर। अंतरराष्ट्रीय बुलियन वायदा मार्केट में घटे दामों पर निवेशकों की बिकवाली थमने के कारण कामेक्स पर सप्ताह के पहले ही दिन एक बार फिर सोना वायदा 20 डालर बढ़कर 4017 डालर प्रति औंस और चांदी वायदा 14 सेंट बढ़कर 54.06 डालर प्रति औंस पर पहुंच गया। इससे भारतीय बाजार में सोने की कीमतों में तो मामूली सुधार रहा लेकिन चांदी में आंशिक गिरावट दर्ज की गई।
इंदौर में सोना केडबरी 300 रुपये बढ़कर 143800 रुपये प्रति दस ग्राम पर पहुंच गया। वहीं चांदी चौरसा 200 रुपये घटकर 199000 रुपये प्रति किलो रह गई। दरअसल, भारतीय में चांदी आयात को अनुमति मिलने के बाद बड़े निवेशकों की लेवाली कमजोर है।
ज्वेलर्स का कहना है कि कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों और अमेरिका में उम्मीद से अधिक उपभोक्ता व उत्पादक महंगाई के कारण, फेडरल रिजर्व द्वारा ब्याज दरों को लंबे समय तक ऊंचा बनाए रखने की संभावना बढ़ गई है, जिसका असर सोने की कीमतों पर पड़ा है।
यह माना जा रहा है कि 27-28 अक्टूबर की बैठक में फेड ब्याज दरों में कोई बदलाव नहीं करेगा, लेकिन सीएमई फेडवाच के अनुसार, बाजार को अक्टूबर में दरों में बढ़ोतरी की 9 फीसद और दिसंबर में 81 फीसद संभावना लग रही है। इस बीच, 17 अक्टूबर को समाप्त सप्ताह में अमेरिका में बेरोजगारी के नए दावे घटकर 194,000 रह गए। यह आंकड़ा 200,000 के पूर्व अनुमान से कम है, जो लेबर मार्केट की मजबूती को दर्शाता है।
दशहरा के दौरान भारत में सोने की खरीदारी में सुधार हुआ और घरेलू प्रीमियम पिछले सप्ताह के 7 डालर प्रति औंस से बढ़कर 9 डालर प्रति औंस हो गया। चीन में सोने का प्रीमियम 9-10 डॉलर प्रति औंस पर बना रहा, हालांकि वहां ज्वेलरी की मांग पर दबाव बना हुआ है।
चीन के केंद्रीय बैंक ने लगातार 23वें महीने सोने की खरीदारी जारी रखी। अगस्त में उनके पास 76.73 मिलियन फाइन ट्राय औंस सोना था, जो सितंबर में बढ़कर 77.47 मिलियन औंस हो गया। हालांकि, उनके स्वर्ण भंडार का मूल्य घटकर 323.52 अरब डालर रह गया है।
कामेक्स वायदा पर सोना 4017 डॉलर प्रति औंस, ऊपर में वायदा 4022 डॉलर और नीचे में वायदा 3977 डॉलर प्रति औंस चांदी वायदा 54.06 डॉलर प्रति औंस, ऊपर वायदा में 54.39 डॉलर और नीचे में वायदा 53.60 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार करती देखी गई।
इंदौर के बंद भाव- सोना केडबरी रवा नकद में 143800, सोना आरटीजीएस में 141150, (जीएसटी अतिरिक्त), सोना 22 कैरेट 129400 (जीएसटी अतिरिक्त) रुपये प्रति दस ग्राम बोला गया। शनिवार को सोना 143500 रुपये पर बंद हुआ था। चांदी चौरसा 199000, चांदी आरटीजीएस 193400, चांदी टंच 199700 रुपये प्रति किलो के भाव बोले गए। चांदी सिक्का 2470 रुपये (प्रति नग) के भाव बोले गए। शनिवार को चांदी चौरसा 199200 रुपये पर बंद हुई थी