_m.webp)
बिजनेस डेस्क। शादियों के सीजन के बीच आज 27 नवंबर 2026 को मध्य प्रदेश के प्रमुख सराफा बाजारों में सोने और चांदी की कीमतों में जोरदार उछाल दर्ज किया गया है। मजबूत अमेरिकी डॉलर और फेडरल रिजर्व की सख्त टिप्पणी के बावजूद कुछ बड़े सटोरियों की सक्रियता और अंतरराष्ट्रीय बाजार की तेजी के चलते घरेलू बाजार में सोना और चांदी दोनों महंगे हुए हैं।
ऑल इंडिया बुलियन और जवेरी बाजार के ताजा अपडेट के मुताबिक, आज सुबह इंदौर में सोने और चांदी के रेट इस प्रकार हैं।
(नोट: आभूषण खरीदते समय इन कीमतों के ऊपर मेकिंग चार्ज, वेस्टेज और 3 प्रतिशत GST अलग से लागू होगा।)
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अमेरिका की तीसरी तिमाही (जुलाई-सितंबर 2026) की जीडीपी वृद्धि दर संशोधित होकर 4.3 प्रतिशत पर पहुंच गई है, जो पहले के 3.4 प्रतिशत के अनुमान से काफी अधिक है। इसके अलावा अक्टूबर में फेडरल रिजर्व का पसंदीदा महंगाई सूचकांक (पीसीई) भी तीन साल के उच्च स्तर पर दर्ज किया गया है। मजबूत आर्थिक आंकड़ों से ब्याज दरों में बढ़ोतरी की उम्मीदें बढ़ गई हैं, जिससे बुलियन मार्केट में गिरावट आनी तय मानी जा रही थी। लेकिन कुछ बड़े सटोरियों द्वारा की जा रही सट्टेबाजी के चलते बाजार में अस्थायी तेजी का माहौल बन गया है।
गुरुवार को अंतरराष्ट्रीय वायदा मार्केट में सोना वायदा 42 डॉलर बढ़कर 3,572 डॉलर प्रति औंस और चांदी वायदा 140 सेंट बढ़कर 41.64 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार करती देखी गई। इसका सीधा असर इंदौर सराफा बाजार पर भी पड़ा:
सोने में 3,400 रुपये की तेजी: इंदौर में सोना केडबरी रवा नकद में 3,400 रुपये बढ़कर 1,28,500 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया (बुधवार को यह 1,25,100 रुपये पर बंद हुआ था)।
आरटीजीएस और 22 कैरेट भाव: सोना आरटीजीएस में 1,24,300 रुपये और 22 कैरेट सोना 1,13,950 रुपये प्रति 10 ग्राम बोला गया (इन पर जीएसटी अतिरिक्त है)।
चांदी में 4,200 रुपये का उछाल: चांदी चौरसा 4,200 रुपये उछलकर 1,51,200 रुपये प्रति किलो पर बंद हुई (बुधवार को यह 1,47,000 रुपये थी)। वहीं चांदी आरटीजीएस 1,46,600 रुपये, चांदी टंच 1,51,200 रुपये प्रति किलो और चांदी सिक्का 1,950 रुपये प्रति नग बोला गया।
उज्जैन सराफा: सोना स्टैंडर्ड 1,28,500 रुपये, सोना रवा 1,28,000 रुपये प्रति 10 ग्राम, चांदी पाट 1,51,500 रुपये, चांदी टंच 1,50,500 रुपये प्रति किलो और चांदी का सिक्का 2,200 रुपये प्रति नग रहा।
रतलाम सराफा (आरटीजीएस भाव): सोना स्टैंडर्ड 1,26,300 से 1,26,250 रुपये प्रति 10 ग्राम, चांदी चौरसा 1,51,800 रुपये और चांदी टंच 1,51,900 रुपये प्रति किलो दर्ज किया गया।
सराफा विशेषज्ञों और ज्वेलर्स का कहना है कि अमेरिकी फेडरल रिजर्व की आगामी मौद्रिक नीति बैठक 9 दिसंबर को होने वाली है। बाजार दिसंबर में ब्याज दरों में 25 आधार अंकों की बढ़ोतरी की पूरी संभावना मानकर चल रहा है, और सीएमई फेडवाच टूल के अनुसार भी इसकी संभावना 97 प्रतिशत है। यदि ब्याज दरें बढ़ती हैं, तो सोने और चांदी के दामों में फिर से कमजोरी आ सकती है। हालांकि, तब तक बाजार सटोरियों की गिरफ्त में रह सकता है जो ऊंचे दामों पर अपना स्टॉक निकालने की कोशिश कर सकते हैं।
यह भी पढ़ें- कन्फर्म टिकट के बाद भी बीमार यात्री को फ्लाइट में चढ़ने से रोका, मौत के बाद अब एयर इंडिया को देने होंगे 26 लाख रुपये