
बिजनेस डेस्क। अंतरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय बुलियन मार्केट में बुधवार को सोने और चांदी की कीमतों में जोरदार गिरावट दर्ज की गई है। यूएस फेडरल रिजर्व की दिसंबर बैठक में ब्याज दरें बढ़ने की संभावना के चलते बॉन्ड मार्केट में तेजी आई है, जिसका सीधा असर इंदौर के सराफा बाजार पर भी देखने को मिला है। इंदौर सराफा में सोना केडबरी 3,100 रुपये टूटकर 1,35,000 रुपये प्रति 10 ग्राम और चांदी चौरसा 5,800 रुपये सस्ती होकर 1,67,800 रुपये प्रति किलो के स्तर पर आ गई है।
इंदौर बंद भाव: सोना केडबरी रवा नकद में 1,35,000 रुपये, सोना आरटीजीएस में 1,30,900 रुपये और 22 कैरेट सोना 1,20,000 रुपये प्रति 10 ग्राम (जीएसटी अतिरिक्त) बोला गया। वहीं चांदी चौरसा 1,67,800 रुपये, चांदी आरटीजीएस 1,62,600 रुपये प्रति किलो और चांदी सिक्का 2,200 रुपये प्रति नग पर बंद हुआ।
रतलाम सराफा भाव: रतलाम बाजार में सोना स्टैंडर्ड 1,35,300 से 1,35,250 रुपये प्रति 10 ग्राम, वहीं चांदी चौरसा 1,68,900 रुपये और चांदी टंच 1,69,000 रुपये प्रति किलोग्राम के स्तर पर रही।
रिकॉर्ड हाई से बड़ी गिरावट: जनवरी में सोना 1.93 लाख रुपये के शिखर पर पहुंचा था, जो अब तक करीब 58,000 रुपये सस्ता हो चुका है। वहीं चांदी अपने 4.20 लाख रुपये के रिकॉर्ड हाई से करीब 2,52,200 रुपये तक टूट चुकी है।
कॉमेक्स (COMEX) बाजार: अंतरराष्ट्रीय वायदा बाजार में सोना 104 डॉलर घटकर 3,763 डॉलर प्रति औंस और चांदी 175 सेंट गिरकर 45.68 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार करती देखी गई। सराफा व्यवसायी समर्थ सारडा के अनुसार, फेड के अपडेट्स को लेकर बाजार में हलचल तेज है और घटे दामों पर भी ग्राहकी सुस्त बनी हुई है।