
नईदुनिया प्रतिनिधि,इंदौर। अंतरराष्ट्रीय बुलियन मार्केट में सप्ताह के पहले ही दिन निवेशकों का रुझान सोने-चांदी में कमजोर रहने से वायदा काफी टूट गया। अमेरिका-ईरान तनाव, अमेरिकी बांड में तेजी, डालर की चाल और ब्याज दरों को लेकर उम्मीदें कीमती धातुओं की कीमतों को प्रभावित कर रही हैं।
सोमवार को कामेक्स पर सोना वायदा 22 डालर टूटकर 4172 डालर प्रति औंस और चांदी वायदा 26 सेंट घटकर 60.56 डालर प्रति औंस पर कारोबार करती देखी गई। इसके चलते भारतीय बाजारों में भी सोने और चांदी के दाम घटकर खुले। इंदौर में सोना केडबरी 900 रुपये टूटकर 148900 रुपये प्रति दस ग्राम और चांदी चौरसा 1500 रुपये घटकर 224200 रुपये प्रति किलो रह गई।
ज्वेलर्स का कहना है कि सोने-चांदी की कीमतों में गिरावट आगे अच्छी ग्राहकी को संकेत दे रहे हैं। यदि बाजार कुछ और घटने के बाद स्थिर हो जाता है तो दीपावली पूर्व बाजार में अच्छी ग्राहकी गहनों में देखने को मिल सकती है। अमेरिकी और ईरान के बीच तनाव अभी खत्म नहीं हुआ है।
अमेरिका राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि वॉशिंगटन, सऊदी अरब के साथ मिलकर यमन में ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों पर हमला करने पर विचार कर रहा है। यह बयान रियाद के अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर हमले के बाद आया है। जानकारी के मुताबिक अगले हफ्ते सोने-चांदी की कीमतों पर डालर की चाल, अमेरिकी ब्याज दरों को लेकर उम्मीदें, दुनिया में बढ़ता तनाव और निवेशकों की मांग पर असर पड़ेगा।
कामेक्स वायदा पर सोना 4172 डालर प्रति औंस, ऊपर में वायदा 4217 डालर और नीचे में वायदा 4168 डालर प्रति औंस चांदी वायदा 60.56 डालर प्रति औंस, ऊपर वायदा में 61.44 डालर और नीचे में वायदा 60.46 डालर प्रति औंस पर कारोबार करती देखी गई।
इंदौर के बंद भाव - सोना केडबरी रवा नकद में 148900, सोना आरटीजीएस में 147600 (जीएसटी अतिरिक्त), सोना 22 कैरेट 135300 (जीएसटी अतिरिक्त) रुपये प्रति दस ग्राम बोला गया। शनिवार को सोना 149800 रुपये पर बंद हुआ था। चांदी चौरसा 224200, चांदी आरटीजीएस 218200, चांदी टंच 225000 रुपये प्रति किलो के भाव बोले गए। चांदी सिक्का 2430 रुपये (प्रति नग) के भाव बोले गए। शनिवार को चांदी चौरसा 225700 रुपये पर बंद हुई थी।