फार्मर आईडी नहीं बनाई तो रुक जाएगी पीएम किसान की किस्त! एमपी सरकार ने शुरू किया विशेष अभियान
सरकारी योजनाओं और पीएम किसान का लाभ लेने के लिए फार्मर आईडी अनिवार्य हो गया है जानें ऑनलाइन आवेदन की पूरी प्रक्रिया यहां।
Publish Date: Fri, 13 Nov 2026 02:52:52 PM (IST)Updated Date: Fri, 13 Nov 2026 03:10:40 PM (IST)
फार्मर आईडी नहीं बनाई तो रुक जाएगी पीएम किसान की किस्त! मध्य प्रदेश सरकार ने शुरू किया विशेष अभियान, जानें घर बैठे कैसे बनेगाHighLights
- कृषि योजनाओं का लाभ लेने के लिए फार्मर आईडी अनिवार्य
- फार्मर आईडी बनवाने के लिए जरूरी दस्तावेज
- घर बैठे ऑनलाइन किसान आईडी बनाने की स्टेप-बाय-स्टेप प्रक्रिया
बिजनेस डेस्क। मध्य प्रदेश के सभी किसानों को सरकारी योजनाओं का सीधा लाभ दिलाने के लिए राज्य सरकार ने डिजिटल फार्मर आईडी बनाने का विशेष अभियान शुरू किया है। अब प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि समेत अन्य कृषि योजनाओं का लाभ लेने के लिए फार्मर आईडी अनिवार्य हो चुकी है। जिन किसानों की यह डिजिटल पहचान नहीं बनी है, उनकी किस्तें रुक सकती हैं। इसी को देखते हुए प्रदेश में शासकीय दल गांव-गांव जाकर किसानों की आईडी बना रहे हैं। इसके अलावा किसान घर बैठे ऑनलाइन या नजदीकी केंद्र पर जाकर भी अपनी आईडी तैयार करवा सकते हैं।
फार्मर आईडी बनवाने के लिए जरूरी दस्तावेज
- आधार कार्ड (जो सक्रिय मोबाइल नंबर से लिंक हो)
- खेत और जमीन से जुड़े दस्तावेज (जैसे खसरा और खतौनी की नकल)
- आधार से जुड़ा एक्टिव मोबाइल नंबर (ओटीपी वेरिफिकेशन के लिए)
- बैंक खाते की पासबुक
- पासपोर्ट साइज फोटो
घर बैठे ऑनलाइन किसान आईडी बनाने की स्टेप-बाय-स्टेप प्रक्रिया
- सबसे पहले मध्य प्रदेश फार्मर्स रजिस्ट्री के आधिकारिक पोर्टल (https://mpfr.agristack.gov.in](https://mpfr.agristack.gov.in) पर जाएं।
- यदि आपका पहले से अकाउंट नहीं बना है, तो 'Create New User Account' के विकल्प पर क्लिक करें (पुराने यूजर सीधे लॉगिन करें)।
- अपना आधार नंबर दर्ज करें, जिसके बाद लिंक मोबाइल नंबर पर आए ओटीपी के जरिए वेरिफिकेशन पूरा करें।
- अब अपना नाम, पता और मोबाइल नंबर जैसी सामान्य जानकारी भरकर नया अकाउंट क्रिएट करें।
- अकाउंट बनने के बाद पोर्टल पर लॉगिन करें और 'Register as Farmer' के विकल्प को चुनें।
- इसके बाद अपनी खेती और जमीन के रकबे से जुड़ी सभी जानकारी दर्ज करें तथा 'Fetch Land Details' पर क्लिक करके भूमि का सत्यापन पूरा करें।
- अंत में सभी विवरणों को अच्छी तरह जांच कर फॉर्म सबमिट कर दें। सबमिट होते ही आपकी डिजिटल फार्मर आईडी जेनरेट हो जाएगी।
ऑफलाइन बनवाने के विकल्प भी मौजूद
जो किसान ऑनलाइन आवेदन करने में असमर्थ हैं, वे अपने नजदीकी कॉमन सर्विस सेंटर (CSC), स्थानीय पटवारी, लोक सेवा केंद्र या पंचायत स्तर पर लगाए जा रहे सरकारी शिविरों में जाकर भी आसानी से अपनी फार्मर आईडी बनवा सकते हैं।