
डिजिटल डेस्क। केंद्र सरकार ने लोगों को बड़ी राहत देते हुए 'प्रदूषण नियंत्रण प्रमाणपत्र' (PUC) की वैधता नियमों में महत्वपूर्ण बदलाव किया है। नए नियमों के तहत छह साल से कम पुराने बीएस-6 (BS-VI) मानक वाले निजी वाहनों के लिए पीयूसी सर्टिफिकेट की वैधता बढ़ाकर तीन साल कर दी गई है। हालांकि, पुराने वाहनों के लिए कम वैधता अवधि को बरकरार रखा गया है।
सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय द्वारा 13 नवंबर को जारी अधिसूचना के अनुसार, मोटर वाहन अधिनियम 1988 के तहत 'केंद्रीय मोटर वाहन (सोलहवां संशोधन) नियम, 2026' को लागू कर दिया गया है। राजपत्र (आधिकारिक गजट) में प्रकाशन के साथ ही ये नए नियम प्रभावी हो गए हैं। गौरतलब है कि देश में वाहनों के उत्सर्जन मानकों की पुष्टि के लिए पीयूसी प्रमाणपत्र एक अनिवार्य आधिकारिक दस्तावेज है।
बीएस-6 निजी वाहन: छह साल से कम पुराने वाहनों को हर तीन साल में एक बार पीयूसी नवीनीकरण कराना होगा। छह से 10 साल तक पुराने वाहनों के लिए सालाना रिन्यूअल अनिवार्य होगा, जबकि 10 साल से अधिक पुराने बीएस-6 निजी वाहनों को हर छह महीने में प्रमाणपत्र रिन्यू कराना होगा।
बीएस-6 कमर्शियल (परिवहन) वाहन: छह साल तक पुराने परिवहन वाहनों के लिए हर दो साल में एक बार पीयूसी नवीनीकरण आवश्यक होगा। छह से 10 साल पुराने वाहनों को हर साल और 10 साल से अधिक पुराने परिवहन वाहनों को पहले की तरह हर छह महीने में नवीनीकरण कराना होगा।
पुराने मानक वाले वाहन: बीएस-1, बीएस-2 और बीएस-3 वाहनों के लिए पीयूसी प्रमाणपत्र की वैधता तीन महीने ही रहेगी, जबकि बीएस-4 वाहनों को छह महीने की वैधता मिलेगी।
अधिसूचना के मुताबिक, यदि कोई वाहन मालिक वर्तमान पीयूसी सर्टिफिकेट की समाप्ति से 10 दिन पहले नवीनीकरण के लिए आवेदन करता है, तो नया प्रमाणपत्र पुराने प्रमाणपत्र की समाप्ति तिथि से प्रभावी माना जाएगा। अन्य सभी मामलों में, जहां समाप्ति के बाद नवीनीकरण कराया जाता है, वहां नया प्रमाणपत्र जारी होने के दिन से ही लागू होगा।
इसके अलावा, नए नियम लागू होने से पहले जारी किए गए प्रमाणपत्रों पर संशोधित वैधता कार्यक्रम तभी लागू होगा, जब नियमों के प्रभावी होने के बाद उनका पहली बार नवीनीकरण कराया जाएगा।