
नईदुनिया प्रतिनिधि, रतलाम। सोना-चांदी में भारी गिरावट के चलते हर दिन नए रिकार्ड कायम हो रहे हैं। दस माह पहले सातवें आसमान पर छलांग लगाने वाली दोनों कीमती धातुएं अब गर्त (पाताल) में जाती जा रही है।
इससे तेजी के दौर में ऊंचे भाव पर खरीदी करने वालों की पूंजी जहां 35 से 40 फीसद होने की कगार पर आ गई है, वहीं आमजन के लिए खरीदी के अवसर पैदा कर दिए हैं।
अब लंबे समय तक गिरावट का सिलसिला चलने से बुलियन मार्केट तबाह होने की स्थिति में आ गया है। ज्यादातर निवेशकों का सोना-चांदी से मोह भंग होता जा रहा है।
जनवरी 2026 में चांदी ने 4.20 लाख और सोना ने 1.82 लाख का रिकार्ड स्तर छू लिया था। इसके बाद लगे रिवर्स गियर ने दोनों कीमती धातुओं को आसमान से पाताल लोक की सैर करा दी है। तेजी-मंदी के खेल में कई लोग आबाद और कई बर्बाद हो गए हैं।
तेजी के दौरान भारी नुकसान के चलते कई लोगों ने दिवालिया घोषित किया था और ईहलीला भी समाप्त कर ली थी। अब महागिरावट के चलते फिर से वही स्थिति बनने की पूरी-पूरी संभावना बन गई है। तेजी-मंदी के खेल में सामान्य ग्राहकों का भी बुरी तरह मरण हुआ है।
लगातार गिरती कीमतों ने सराफा बाजार की दशा और दिशा दोनों बदल दी है। सराफा में हर तरफ भय और घबराहट का माहौल बनता जा रहा है। व्यवसायी रूपेश मंगरोला का कहना है कि अभी और गिरावट बाकी है। वर्तमान में सोना-चांदी में तेजी की संभावना कहीं नजर नहीं आ रही है।
गिरावट का अब अगला नया टारगेट फिक्स हो गया है। अब चांदी 1.43 लाख और सोना 1.19 लाख का घर तोड़ने के बाद पानी-पानी याने एक लाख रुपये के अंदर घुसने की स्थिति में आ जाएंगे।
तेजी के दौर में सराफा में हर दिन विवाद गहरा रहे थे, वैसी ही स्थिति अब गिरावट के दौर में निर्मित होने की संभावना बन गई है। ऊंचे भाव पर गिरवी रखने वालों के वापस नहीं लौटने की आशंका बढ़ गई है। इससे फिर विवादों की स्थिति बनना तय माना जा रहा है।
19 नवंबर 165700 135500
18 नवंबर 169000 135300
17 नवंबर 174100 138300
16 नवंबर 175100 138400
14 नवंबर 180600 139700
13 नवंबर 182600 139800
12 नवंबर 185600 141500
11 नवंबर 191100 144350
10 नवंबर 191600 146300
(नोट : आरटीजीएस भाव चांदी प्रति किलो व सोना प्रति 10 ग्राम रुपये में)