
नईदुनिया प्रतिनिधि, रतलाम। दस माह पहले सातवें आसमान पर पहुंचे सोना-चांदी के भाव ने भारी गिरावट के बाद अब पाताल का रुख कर लिया है। 4.20 लाख के शीर्ष पर पहुंची चांदी जहां 1.74 लाख रुपये किलो के स्तर पर आ गई है, वहीं 1.82 लाख के स्तर पर पहुंचा सोना 1.38 लाख रुपये पर आ गया है।
मूल्यवान धातु सोना-चांदी की कीमतों में भारी गिरावट ने सभी के समक्ष 1980 की यादें ताजा कर दी है। तब चांदी अपने उच्चतम स्तर से 90 फीसद नीचे आ गई थी और अब 65 फीसद से अधिक टूट चुकी है। गिरावट का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है और कारोबारियों-निवेशकों की सांसें फूलती जा रही है।
लगातार भारी गिरावट के चलते भारतीय बुलियन मार्केट को बड़ा झटका लग रहा है। कई बड़े कारोबारी और निवेशक दिवालिया होने की कगार पर आ गए हैं। इससे सोना-चांदी के भविष्य को लेकर तरह-तरह की चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया है। भाव में भारी गिरावट के बावजूद सराफा से ग्राहक दूर भागते जा रहे हैं।
बिकवाली का प्रतिशत भी बहुत कम है। ऐसे में आगामी दिनों में मांग-पूर्ति का संतुलन बिगड़ने की पूरी-पूरी संभावना बनती जा रही है। इससे भविष्य में फिर से सोना-चांदी हाजर (नकद) में उच्चतम प्रीमियम स्तर पर बिकने की स्थिति में आ गए हैं। इस तरह की स्थिति अक्टूबर 2025 में बन चुकी है।
तब एमसीएक्स (मशीन) पर चांदी 1.50 लाख और हाजर में 1.82 लाख रुपये प्रतिकिलो तक बिकी थी। इसी प्रकार सोना मशीन पर 1.20 से 1.25 लाख और हाजर में 1.32 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम तक बिका था।
व्यवसायी शुभम मूणत का कहना है गिरावट के बाद भी बाजार में खरीदार कम पहुंच रहे हैं। त्योहारी व शादी-ब्याह के सीजन में कामकाज को ठंड लग गई है। ज्यादातर खरीदार भाव और नीचे आने का इंतजार कर रहे हैं।
सोना-चांदी में गिरावट के बावजूद ग्राहक आशानुरूप नहीं है, लेकिन सप्लाय चेन गड़बड़ाना शुरू हो गई है। सोना-चांदी बुक कराने के बाद तीन से चार दिन में डिलेवरी मिल रही है। कारोबारी इसकी बड़ी वजह बिकवाली नहीं निकलना बता रहे हैं। कारोबारियों का कहना है कि तेजी के दौर में कई लोगों ने ऊंचे भाव पर जमकर खरीदी की थी, लेकिन अब वे भारी गिरावट के बाद भी बिकवाली नहीं कर रहे हैं।
तारीख चांदी सोना
17 नवंबर 174100 138300
16 नवंबर 175100 138400
14 नवंबर 180600 139700
13 नवंबर 182600 139800
12 नवंबर 185600 141500
11 नवंबर 191100 144350
10 नवंबर 191600 146300
(नोट : आरटीजीएस भाव चांदी प्रति किलो व सोना प्रति 10 ग्राम रुपये में)
चित्र : सोना-चांदी के बिस्किट। फाइल फोटो