
नईदुनिया प्रतिनिधि, रतलाम। सोना-चांदी के भाव में करीब 10 माह पहले आई तूफानी तेजी के दौरान जिस सराफा बाजार में ग्राहकों की भीड़ उमड़ रही थी और मेले जैसा माहौल नजर आता था, वहां अब कीमतों में भारी गिरावट के बावजूद ग्राहकों की रौनक कम है।
हालात यह हैं कि न तो खरीदार उत्साह दिखा रहे हैं और न ही बेचवाल बाजार में सक्रिय नजर आ रहे हैं। त्योहारी माहौल और आगामी शादी-ब्याह की सीजन भी सराफा कारोबार में अपेक्षित रौनक नहीं ला पा रही है।
अधिकांश खरीदार कीमतों में और गिरावट आने की उम्मीद लगाए बैठे हैं, जबकि जनवरी 2026 की तेजी के दौरान ऊंचे भाव पर सोना-चांदी खरीदने वाले निवेशक अब कीमतों में दोबारा उछाल आने का इंतजार कर रहे हैं। इस दोहरी प्रतीक्षा ने सराफा बाजार की रफ्तार थाम दी है।
सोना-चांदी की कीमतों में आई ऐतिहासिक उठापटक ने कारोबारियों को वर्ष 1980 की याद दिला दी है। उस समय चांदी अपने उच्चतम स्तर से करीब 90 प्रतिशत तक टूट गई थी।
वर्तमान में भी इसमें 60 प्रतिशत से अधिक की गिरावट दर्ज की जा चुकी है। जनवरी 2026 में चांदी चार लाख रुपये प्रति किलो के पार पहुंच गई थी, वहीं सोने के भाव भी 1.82 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम से अधिक हो गए थे।
उस समय बाजार में जबरदस्त रौनक थी और ऊंची कीमतों के बावजूद खरीदारों की कमी नहीं थी। इसके विपरीत अब चांदी आधी से भी कम कीमत पर और सोना 35 प्रतिशत से अधिक नीचे आने के बाद भी बाजार में ग्राहकी नहीं बढ़ रही है।
बुधवार को रतलाम में चांदी हाजर और बिल कारोबार में 1.90 से 1.91 लाख रुपये प्रति किलो के स्तर पर पहुंच गई। वहीं सोना 1.43 से 1.45 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम के बीच कारोबार करता रहा।
जनवरी की तुलना में चांदी करीब 2.10 लाख रुपये प्रति किलो और सोना लगभग 37 हजार रुपये प्रति 10 ग्राम सस्ता हो चुका है।
कीमतों में इतनी बड़ी गिरावट के बाद सोना-चांदी निम्न और मध्यमवर्गीय परिवारों की पहुंच में आते दिखाई दे रहे हैं, लेकिन इसका लाभ सराफा कारोबार को नहीं मिल रहा है।
कीमतों में आई इस अप्रत्याशित गिरावट ने ऊंचे भाव पर खरीदी करने वाले कारोबारियों और निवेशकों की चिंता बढ़ा दी है। जनवरी की तेजी में निवेश करने वालों को अब अपनी पूंजी की कीमत घटने का अहसास हो रहा है। ऐसे खरीदार फिलहाल बाजार से दूरी बनाए हुए हैं और भाव सुधरने की प्रतीक्षा कर रहे हैं। दूसरी ओर नए खरीदारों को लग रहा है कि सोना-चांदी के भाव अभी और नीचे जा सकते हैं। इसी असमंजस के कारण न तो नई खरीदी जोर पकड़ रही है और न ही पुराने खरीदार नुकसान में अपना माल बेचने को तैयार हैं। परिणामस्वरूप बाजार में दोनों ओर से कारोबार प्रभावित हो रहा है।
सराफा व्यवसायी रूपेश मंगरोला के अनुसार सोना-चांदी की कीमतों में भारी गिरावट के बावजूद रतलाम के सराफा बाजार में रौनक नहीं लौट रही है। जनवरी की तुलना में चांदी करीब 2.10 लाख रुपये प्रति किलो और सोना 37 हजार रुपये प्रति 10 ग्राम सस्ता हो चुका है। इसके बाद भी खरीदार और बेचवाल दोनों बाजार से दूरी बनाए हुए हैं। खरीदार और गिरावट तो पुराने निवेशक भाव बढ़ने का इंतजार कर रहे हैं।
निवेशक नीलेश जैन का कहना है कि जनवरी 2026 की तूफानी तेजी के दौरान सोना-चांदी खरीदने वाले अब कीमतों में दोबारा उछाल आने की उम्मीद लगाए बैठे हैं। चांदी चार लाख से टूटकर 1.90 लाख रुपये प्रति किलो और सोना 1.45 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम के आसपास आ गया है। भारी गिरावट से ऊंचे भाव पर खरीदी करने वालों की पूंजी प्रभावित हुई है।
तारीख चांदी सोना
11 नवंबर 191100 144350
10 नवंबर 191600 146300
09 नवंबर 190700 145400
07 नवंबर 189100 145600
06 नवंबर 188511 145511
05 नवंबर 191100 147500
04 नवंबर 189100 145500
03 नवंबर 179600 141000
02 नवंबर 185100 141200
(नोट : आरटीजीएस भाव चांदी प्रति किलो व सोना प्रति 10 ग्राम रुपये में)
चित्र : सोना-चांदी के बिस्किट। फाइल फोटो