
बिजनेस डेस्क। दुनिया भर के टॉप हॉस्पिटैलिटी ब्रांड्स में शुमार ओयो रूम्स के फाउंडर रितेश अग्रवाल हैं। ओयो के फाउंडर रितेश अग्रवाल कभी सड़क पर सिम कार्ड बेचा करते थे, बाद में उन्होंने ओयो रूम्स की शुरुआत की थी, जिससे उनकी कमाई करोड़ों तक पहुंच गई है।
अपना ग्लोबल ब्रांड बनाने से पहले रितेश ओडिशा के एक छोटे से कस्बे के साधारण किशोर थे, जिन्होंने भारत में बजट ट्रैवल की अनिश्चितता को समझा और उसे बदलने की ठानी। 16 नवंबर 1993 को ओडिशा के बिस्सम कटक में एक सामान्य मारवाड़ी परिवार में जन्मे रितेश के पिता का छोटा सा इंफ्रास्ट्रक्चर कारोबार था, लेकिन रितेश का मन नए बिजनेस आइडियाज में लगता था।
रितेश को शुरुआती पढ़ाई के बाद परिवार ने उन्हें IIT की तैयारी के लिए कोटा भेजा और बाद में उन्होंने दिल्ली के एक संस्थान में दाखिला भी लिया, लेकिन किताबों में उनका मन नहीं लगा। आखिरकार उन्होंने बीच में ही पढ़ाई छोड़ दी और खुद का कारोबार शुरू करने की राह पर निकल पड़े।
साल 2012 में रितेश ने 'ओरावेल स्टेज' (Oravel Stays) नाम से अपना पहला स्टार्टअप शुरू किया, लेकिन अनुभव की कमी के कारण उन्हें इसमें भारी नुकसान उठाना पड़ा। हालात ऐसे बने कि जेब में महज 30 रुपये लेकर रितेश दिल्ली आ गए और गुजारा चलाने के लिए सड़कों पर सिम कार्ड तक बेचे। हालांकि, उन्होंने हार नहीं मानी और लगातार बजट होटलों की कमियों पर रिसर्च जारी रखी।
यह भी पढ़ें- जेब में फूटी कौड़ी नहीं, सैलरी सिर्फ 50 रुपये थीं, फिर कैसे खड़ा किया दुनिया भर में ओबेरॉय होटल्स?
रितेश की मेहनत तब रंग लाई जब साल 2013 में उन्हें प्रतिष्ठित 'थिएल फेलोशिप' के लिए चुना गया, जिसके तहत उन्हें स्टार्टअप पर काम करने के लिए 1,00,000 डॉलर मिले। इस पूंजी से उन्होंने अपने पुराने मॉडल को सुधारकर किफायती और भरोसेमंद होटल बुकिंग के लिए OYO Rooms की नींव रखी। इसके बाद सिकोइया कैपिटल और सॉफ्टबैंक जैसे बड़े निवेशकों ने OYO में निवेश किया, जिससे कंपनी का देश-विदेश में तेजी से विस्तार हुआ। आज रितेश की अनुमानित नेटवर्थ करीब 19,900 करोड़ रुपये है और कंपनी अब अपना आईपीओ (IPO) लाने की तैयारी में जुटी है।