
बिजनेस डेस्क। देश के सबसे बड़े सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) से रोजगार की तलाश कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर आई है। बैंक ने अपने लोन पोर्टफोलियो को सुरक्षित करने और एसेट क्वालिटी को और बेहतर बनाने के लिए अगले साल तक 4,000 नई भर्तियां करने का लक्ष्य रखा है।
मनीकंट्रोल की रिपोर्ट के अनुसार, एसबीआई के चेयरमैन सीएस सेट्टी ने बैंक के हालिया प्रदर्शन के बाद रिकवरी प्रक्रिया को लेकर बड़ा खुलासा किया है। उन्होंने बताया बैंक अपनी अंडरराइटिंग प्रक्रिया को पूरी तरह बदल चुका है और अब एक बेहद मजबूत रिकवरी सिस्टम पर काम कर रहा है। लोन रिकवरी विभाग में लगभग 3,000 से 4,000 लोगों को नियुक्त किया जाएगा। ये कर्मी मुख्य रूप से बैंक की शाखाओं में बैठने के बजाय फील्ड में तैनात रहेंगे, ताकि लोन की वसूली प्रभावी ढंग से हो सके।
चेयरमैन ने स्पष्ट किया कि ये भर्तियां बैंक के मौजूदा कर्मचारियों के बीच से नहीं होंगी। इसके लिए एसबीआई अपनी सहायक कंपनी (Subsidiary) का सहारा लेगा। हालांकि ये कर्मचारी फील्ड में रहेंगे, लेकिन इनका पूरा प्रबंधन और नियंत्रण सीधे एसबीआई द्वारा केंद्रीय स्तर पर किया जाएगा।
एसबीआई द्वारा यह कदम ऐसे समय में उठाया गया है जब बैंक ने पिछले दो दशकों में अपने नॉन-परफॉर्मिंग एसेट्स (NPA) के सबसे निचले स्तर की रिपोर्ट दी है। बैंक का उद्देश्य इस बढ़त को बनाए रखना और भविष्य के वित्तीय जोखिमों को कम करना है।