
बिजनेस डेस्क। जब भी हम फल खरीदने बाजार जाते हैं, तो 100-200 रुपये प्रति किलो की कीमत भी हमें जेब पर भारी लगने लगती है। लेकिन क्या आप कल्पना कर सकते हैं कि दुनिया में एक ऐसा भी अंगूर बिका है, जिसकी कीमत में आज आप 5 ग्राम शुद्ध सोना घर ला सकते हैं? जी हां, यह कोई काल्पनिक कहानी नहीं बल्कि गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में दर्ज एक हकीकत है।
दुनिया के सबसे महंगे फल का खिताब किसी दुर्लभ बाग के सेब या आम के नाम नहीं, बल्कि एक छोटे से अंगूर के नाम है। रिकॉर्ड्स के मुताबिक, साल 1993 में ब्रिटेन के कैम्ब्रिजशायर स्थित 'हेल्पस्टन गार्डन सेंटर' में एक ऐसी डील हुई जिसने सबको हैरान कर दिया। यहां एंथनी बेस्कीफील्ड नामक व्यक्ति ने महज एक अंगूर खरीदने के लिए 700 पाउंड चुकाए थे।
अगर आज की भारतीय करेंसी के हिसाब से इसकी तुलना करें, तो यह रकम लगभग ₹86,048 बैठती है। वर्तमान में 24 कैरेट सोने की कीमतों को देखें, तो इतने पैसों में आसानी से 5 ग्राम से अधिक सोना खरीदा जा सकता है।
सवाल यह उठता है कि क्या उस अंगूर में कोई दैवीय शक्ति थी या वह सोने का बना था? जवाब है नहीं। दरअसल, यह डील एक कानूनी पेंच से बचने के लिए की गई थी। उस समय ग्रेट ब्रिटेन में 'संडे ट्रेडिंग कानून' लागू थे, जिसके तहत रविवार को कुछ विशेष वस्तुओं की बिक्री पर पाबंदी थी।
इस कानून की काट निकालने के लिए दुकानदार ने अंगूर के साथ 'अपोलो' की एक मूर्ति भी दी। कागजों पर मूर्ति की कीमत और अंगूर की कीमत को मिलाकर इस तरह पेश किया गया कि यह सौदा कानूनी दायरे में आ जाए। लेकिन रिकॉर्ड बुक में यह 'दुनिया के सबसे महंगे फल' के रूप में दर्ज हो गया।
यह भी पढ़ें- भीषण गर्मी में गिग वर्कर्स को बड़ी राहत, Amazon ने खोले 100 आश्रय केंद्र, Zomato और Swiggy भी दे रहे खास सुविधाएं
सिर्फ ब्रिटेन ही नहीं, जापान भी दुनिया के सबसे महंगे और 'लग्जरी' फल उगाने के लिए मशहूर है। जापान में फलों को केवल खाने की चीज नहीं, बल्कि सम्मान और स्टेटस सिंबल माना जाता है। यहां कुछ फल नीलामी में हजारों डॉलर में बिकते हैं:
| फल (Fruit) | मूल स्थान (Origin) | विशेषता (Specialty) | अनुमानित कीमत (Approx Price) |
| अंगूर (1 दाना) | यूके (1993 रिकॉर्ड) | गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड | ₹86,048 (700 पाउंड) |
| युबरी मेलन | जापान | अत्यधिक मीठा और पूरी तरह गोल | ₹20 लाख से ₹30 लाख (प्रति जोड़ा) |
| रूबी रोमन अंगूर | जापान | टेबल टेनिस बॉल के आकार का | ₹8 लाख से ₹10 लाख (प्रति गुच्छा) |
| डेंसुके वॉटरमेलन | जापान | काला तरबूज, बेहद कम पैदावार | ₹4 लाख से ₹5 लाख (प्रति पीस) |