_m.webp)
बिजनेस डेस्क। छठ के पारंपरिक प्रसाद ठेकुआ की दुनिया भर में मांग है, यह डिश लोगों को काफी पसंद आती है। बस यही सोच कर बिहार के मां-बेटे ने इसका बिजनेस करने का सोचा और देखते ही देखते इसने दुनिया भर में पहचान बना ली। इस आइडिया से मां-बेटे की जोड़ी ने करोड़ों का बिजनेस खड़ा कर दिया।
आटे, गुड़ और घी से बनने वाला ठेकुआ बिहार की फेमस डिश है, जिसे बिहार की पूर्व टीचर वीणा देवी ने बेचना शुरू किया। वीणा देवी ने अपने बेटे समीर के साथ मिलकर ठेकुआ बनाने और बेचने का MomsMade नाम से बिजनेस शुरू किया। घर के किचन से शुरू हुए इस बिजनेस का आज सालाना 15 करोड़ रुपये से ज्यादा का वार्षिक टर्नओवर है और बिजनेस का वैल्यूएशन 75 करोड़ रुपये तक पहुंच चुका है।
वीणा देवी करीब 15 साल तक बिहार के स्कूल में शिक्षिका रही थीं। इसके बाद वह अपने बेटे समीर के साथ बेंगलुरु चली गईं। जब वे बेंगलुरु शिफ्ट हुईं तो उन्होंने अपने खाली समय में हाउसिंग सोसायटी के निवासियों के लिए स्नैक्स बनाकर बेचना शुरू किया। उन्होंने बिहार के पारंपरिक ठेकुआ को बेचना शुरू किया, वे बाजार में मिलने वाले मैदा, चीनी, ऑयल वाले ठेकुआ से अलग पारंपरिक तरीके से ठेकुआ बनाती थीं। इसके लिए गेहूं के आटे, घी और शुद्ध गुड़ का इस्तेमाल किया जाता है। जल्द ही उनके बनाए गए स्नैक्स सोसायटी में काफी पसंद किए जाने लगे। यहीं से MomsMade ब्रांड की शुरुआत हुई।
उनके बेटे समीर ने इसकी मार्केटिंग शुरू की और लोगों को यह काफी पसंद आने लगा। धीरे-धीरे बिजनेस बढ़ने लगा और देखते ही देखते इस बिजनेस से कई लोगों को रोजगार मिलने लगा। आज MomsMade में 50 से अधिक महिलाएं जुड़ी हैं, जिन्हें रोजगार मिला है। शुरुआत में उन्हें रोज के 10-15 ऑर्डर मिलते थे, अब रोजाना 1000 से ज्यादा ऑर्डर मिल रहे हैं।
यह भी पढ़ें- जेब में फूटी कौड़ी नहीं, सैलरी सिर्फ 50 रुपये थीं, फिर कैसे खड़ा किया दुनिया भर में ओबेरॉय होटल्स?