
रियाद। अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल (कू्रड ऑइल) की कीमत यदि 20 डॉलर प्रति बैरल के स्तर पर आ जाए तब भी पेट्रोलियम निर्यातक देशों का संगठन (ओपेक) उत्पादन में कटौती नहीं करेगा।
सऊदी अरब का कहना है कि जब गैर-ओपेक देश कच्चे तेल के उत्पादन में कटौती करने के लिए तैयार नहीं है, तो ओपेक से ऐसी उम्मीद करना वाजिब नहीं होगा।
सऊदी अरब के तेल मंत्री अली अल-नईमी ने कहा, 'कच्चे तेल का भाव 20 डॉलर, 40 डॉलर, 50 डॉलर या 60 डॉलर प्रति बैरल के स्तर पर रहे, कोई मायने नहीं रखता।' नईमी ने औद्योगिक पत्रिका 'मिडल ईस्ट इकोनॉमिक सर्वे' के साथ एक साक्षात्कार में ये बातें कहीं।
नईमी ने पिछले माह कच्चे तेल के उत्पादन में कटौती न करने से संबंधित ओपेक के फैसले को सही ठहराया था। सऊदी अरब इस संगठन में शामिल सबसे बड़ा तेल उत्पादक देश है। संगठन ने फैसला किया है कि हर हालत में रोजाना 3 करोड़ बैरल उत्पादन स्तर जारी रखा जाएगा।
ओपेक के इस फैसले की वजह से अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमत में भारी गिरावट आई। इस साल जून में कच्चे तेल का जो भाव था, उसके मुकाबले मौजूदा भाव करीब 50 प्रतिशत कम रह गया है।