
नईदुनिया प्रतिनिधि, अंबिकापुर। सावन के आखिरी सोमवार पर भोलेनाथ को जल चढ़ाने की इच्छा लेकर कैलाश गुफा जा रहे 15 वर्षीय राहुल बिंझिया की रविवार शाम सड़क हादसे में मौत हो गई। उदयपुर के नुनेरा निवासी राहुल का अगले दिन जन्मदिन था। घर में जन्मदिन मनाने की तैयारी थी, लेकिन हादसे ने परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया।
राहुल बिंझिया (15), पिता सुरेंद्र बिंझिया, अपने साथी सुनील निवासी करौंदी खुटरापारा के साथ बाइक से कैलाश गुफा के लिए रवाना हुआ था। दोनों सावन के आखिरी सोमवार पर भगवान भोलेनाथ को जल चढ़ाने जा रहे थे। रविवार शाम करीब छह बजे बतौली के केनापारा बगीचा रोड पर सामने से आ रही कार से उनकी बाइक की टक्कर हो गई।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि राहुल और सुनील सड़क पर गिर पड़े और दोनों घायल हो गए। बताया गया कि हादसे के समय दोनों ने हेलमेट नहीं पहना था। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल दोनों को बतौली अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए मेडिकल कॉलेज अंबिकापुर रेफर किया गया।
मेडिकल कॉलेज पहुंचने पर चिकित्सकों ने राहुल को मृत घोषित कर दिया। वहीं उसका साथी सुनील गंभीर हालत में जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहा है।
राहुल की मौत की खबर जैसे ही नुनेरा गांव पहुंची, परिवार में कोहराम मच गया। मां का रो-रोकर बुरा हाल है और वह बार-बार यही कह रही थी कि अगले दिन राहुल का जन्मदिन था। पिता सुरेंद्र बिंझिया भी बेटे की मौत से टूट गए हैं। घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा है।
राहुल सावन में भोलेनाथ को जल चढ़ाने की इच्छा लेकर घर से निकला था, लेकिन उसकी यह इच्छा अधूरी रह गई। जन्मदिन से ठीक पहले हुए हादसे ने परिवार की खुशियों को गहरे दुख में बदल दिया।