
नईदुनिया प्रतिनिधि,अंबिकापुर : छत्तीसगढ़ के प्रमुख पर्यटन स्थल मैनपाट में वन विभाग की संपत्ति अब सुरक्षित नहीं रही। लकड़ी कटाई,वन क्षेत्र में कब्जे की शिकायतों के साथ ही अब चोरों ने दो-तीन दिन के भीतर रोपाखार और नागाडांड़ क्षेत्र में फेंसिंग के लिए लगाए गए करीब 300 लोहे के एंगल पर हाथ साफ कर दिया। चोर रात के अंधेरे में कटर मशीन से एंगल को काटकर ले गए।
सुबह जब वन कर्मचारी गश्त पर पहुंचे तो फेंसिंग के एंगल गायब मिली, तब जाकर चोरी का राजफ़ाश हुआ। फेंसिंग वायर को मौके पर ही छोड़ दिया गया था। सूचना मिलते ही मैनपाट वन विभाग ने पुलिस की मदद से जांच शुरू की।
जांच के दौरान पता चला कि चोरी गए एंगलों में से कुछ एंगल रोपाखार निवासी अजीत गुप्ता को खपाए गए हैं।इसी सूचना पर रविवार को वन विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने अजीत गुप्ता के घर पर दबिश दी। वहां उसके घर और बाड़ी से चोरी के 31 लोहे के एंगल बरामद किए गए।
शेष करीब 270 एंगल का अभी तक पता नहीं चल सका है। मैनपाट रेंजर प्रशांत ने बताया कि जिस तरीके से सुनियोजित ढंग से बड़ी संख्या में फेंसिंग एंगल की चोरी की गई है, उससे इसमें किसी संगठित गिरोह के शामिल होने का संदेह है। इतनी बड़ी मात्रा में एंगल को काटना और रातों-रात ले जाना अकेले का काम नहीं हो सकता।
यह भी पढ़ें- कोरबा में चलती कार पर रील स्टंट करना पड़ा भारी, तीन महिलाओं पर FIR, स्वीट्स कारोबारी की कार जब्त होने की तैयारी
उन्होंने बताया कि प्रकरण की जांच की जा रही है, जैसे-जैसे तथ्य सामने आएंगे वैसे कार्रवाई की जाएगी। शेष चोरी गए एंगल कहां खपाए गए हैं, इसकी भी जानकारी जुटाई जा रही है।
वन विभाग ने चोरी का मामला होने के कारण पुलिस थाने में भी शिकायत दर्ज करा दी है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और फरार अन्य आरोपितों की तलाश की जा रही है।