नईदुनिया न्यूज, बिश्रामपुर: कुरुवां गांव के हरिजन पारा स्थित प्राचीन तालाब में शुक्रवार दोपहर नहाने के दौरान डूबने से दो बच्चों की मौत हो गई। मृतक बच्चे चचेरे भाई-बहन थे। इस घटना से गांव में मातम का माहौल निर्मित हो गया। बिश्रामपुर पुलिस मर्ग कायम कर मामले की जांच कर रही है।
बिश्रामपुर थाना क्षेत्र के कुरुवां गांव के हरिजन पारा में दिवाली के दूसरे दिन शुक्रवार को दोपहर करीब बारह बजे गांव के बच्चे सानिया रवि समेत पुष्कर रवि, पीयूष रवि घर के पिछवाड़े थोड़ी दूरी पर स्थित प्राचीन तालाब में नहाने गए थे। जहां नहाने के दौरान तालाब के गहरे पानी में डूब जाने से सानिया रवि पुत्री रवि पलिहा 12 वर्ष व पुष्कर रवि पुत्र सूरज पलिहा सात वर्ष की मौत हो गई। उनके साथ तालाब में नहा रहे अन्य बच्चों ने दोनों बच्चों को पानी में डूबता देख कर शोर मचाना शुरू किया और भाग कर स्वजनों को उक्ताशय की जानकारी दी। जानकारी मिलते ही मोहल्ले वासियों ने तालाब में छलांग लगाकर दोनों बच्चों को बाहर निकाला तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। घटना की जानकारी तत्काल बिश्रामपुर पुलिस को दी गई। सूचना मिलने के बाद बिश्रामपुर पुलिस टीम एवं फोरेंसिक विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की। घटना से मृतक परिवार में कोहराम मच गया और मोहल्ले में शोक का माहौल निर्मित हो गया।
मौके पर पहुंचे विधायक, दी सांत्वना
घटना की सूचना मिलते ही प्रेमनगर विधायक भूलन सिंह मरावी तत्काल मौके पर पहुंचकर मृतक बच्चों के स्वजनों से मुलाकात कर उन्हें सान्त्वना दी और हर संभव मदद का आश्वासन दिया। उन्होंने घटनास्थल का भी अवलोकन किया।
मृतक पुष्कर के माता-पिता दिव्यांग
मृतक सानिया रवि और पुष्कर रवि एक ही परिवार के सदस्य थे और रिश्ते में चचेरे भाई-बहन थे। मृतक मासूम पुष्कर के माता और पिता दोनों मूक-बधिर दिव्यांग है। उसकी बड़ी बहन का विवाह हो चुका है और वह अपने घर का एकमात्र चिराग था। इधर सानिया रवि मृतक पुष्कर की चचेरी बहन थी। घटना से स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
कुएं में नहाने गए दो सगे भाइयों की डूबने से मौत
नईदुनिया न्यूज, सूरजपुर: प्रेमनगर ब्लाक के पार्वतीपुर गांव में शनिवार को नहाने के दौरान कुएं में डूब जाने से दो बच्चों की मौत हो गई। दोनों मृतक सगे भाई थे। घटना की खबर से मृतक के घर कोहराम मच गया। घटना उमेश्वरपुर चौकी इलाके के ग्राम पार्वतीपुर की है।शनिवार सुबह करीब नौ बजे के पार्वतीपुर ग्राम निवासी नंदकुमार साहू का पुत्र राजीव साहू 11 वर्ष और विशाल साहू सात वर्ष स्नान करने के लिए घर के सामने खेत स्थित कुंए में गए थे। नहाने के दौरान दोनों भाई कुएं के पानी में डूब गए। इससे दोनो की मौत हो गई। आधे घण्टे तक दोनो भाइयों के घर नही लौटने पर उनकी बड़ी बहन शीतल उन्हें देखने गयी तो उसने देखा कि कुंए के बाहर दोनों भाईयों की चप्पल और कपड़े पड़े हुए थे।
इस आशय कि जानकारी मिलते ही स्वजनो ने सीढ़ी के जरिये दो ग्रामीणों को कुएं में उतारा। कुएं में डूबे दोनो भाइयों को बाहर निकाला गया। तब तक दोनो की मौत हो चुकी थी। दोनों बच्चों को तत्काल उदयपुर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जाया गया। जहां चिकित्सकों ने उन्हें घोषित कर दिया। सूचना पर उदयपुर पुलिस ने पोस्टमार्टम के पश्चात दोनों भाइयों के शव को स्वजनों के सुपुर्द कर दिया।