
नईदुनिया प्रतिनिधि, अंबिकापुर: रविवार देर रात बिहार के सासाराम से अंबिकापुर जा रही शमीम बस प्रतापपुर के खजूरी बांध के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में केबिन के अंदर बैठे कंडक्टर की गंभीर चोट लगने से उपचार के दौरान मौत हो गई। क्लीनर और चालक को भी गंभीर चोट आई है। यात्रियों के अनुसार बस की गति तेज थी। इस दौरान जैसे ही खजूरी बांध के पास पहुंची चालक ने बस पर से नियंत्रण खो दिया।
बस का दाहिना पहिया मुख्य मार्ग पर स्थित छोटी पुलिया के साइड डिवाइडर से टकरा गया, जिससे टायर फट गया। इसके बाद बस सामने स्थित आम के बड़े पेड़ से टकराते हुए खेत में जा घुसी। बारिश के कारण खेत में कीचड़ भरा हुआ था। बस के दाहिनी ओर का टायर कीचड़ में धंस गया और बस वहीं पर झुककर खड़ी हो गई।
खेत में कीचड़ नहीं होता तो बस और आगे जाकर पलट भी सकती थी जिससे स्थिति और ज्यादा गंभीर हो सकती थी। इधर पेड़ से टकराने के कारण बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। सामने का कांच टूटकर सड़क पर बिखर गया और स्टेयरिंग भी टेढ़ी हो गई। चालक का एक पैर स्टेयरिंग के पास फंस गया, जिसे काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया। उसका पैर बुरी तरह कुचल गया था।
यह भी पढ़ें- खौफ के पर्याय कबरा पर विदेशी तकनीक का पहरा.. दक्षिण अफ्रीकी कॉलर से मिल रहे सैटेलाइट एसएमएस
हादसे के बाद बस में सवार करीब 40 से 50 यात्रियों के बीच चीख-पुकार मच गई। सूचना पर एंबुलेंस मौके पर पहुंची और घायलों को स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। मामूली रूप से घायल करीब दस लोगों का प्राथमिक उपचार किया गया, जबकि गंभीर रूप से घायल चालक, कंडक्टर और क्लीनर सहित एक अन्य को मेडिकल कालेज अंबिकापुर रेफर किया गया।
जहां उपचार के दौरान कंडक्टर मो़ शहरेयार 35 वर्ष निवासी ग्राम मनातु, पलामू झारखंड की मौत हो गई। मृतक अंबिकापुर के नवागढ़ में एक किराए के मकान में रहता था। बाकी घायलों की हालत खतरे से बाहर बताई गई है।
निर्धारित परमिट मार्ग छोड़ प्रतापपुर से गुजर रहीं बसें

नईदुनिया में प्रकाशित खबर
खजूरी बांध के पास हुए इस हादसे ने यात्री बसों के परमिट और उनके निर्धारित मार्ग पर संचालन को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं। जानकारी के अनुसार, बिहार के सासाराम से अंबिकापुर के बीच संचालित शमीम बस का परमिट राजपुर मार्ग से होकर जाने का है, लेकिन बस बलरामपुर जिले के सेमरसोत होते हुए प्रतापपुर और खड़गवां मार्ग से अंबिकापुर पहुंच रही थी।
स्थानीय बस संचालकों का आरोप है कि यह मामला केवल एक बस तक सीमित नहीं है। बिहार और उत्तर प्रदेश से आने-जाने वाली कई बसें, जिनके परमिट में राजपुर मार्ग निर्धारित है, वे भी प्रतापपुर होकर संचालित हो रही हैं।
पहले राजपुर मार्ग पर सड़क निर्माण का हवाला देकर बसों के प्रतापपुर से गुजरने की बात कही जाती थी, लेकिन अब सड़क बन जाने के बाद भी बसों का मार्ग नहीं बदला है।
इस संबंध में नईदुनिया ने दो जुलाई को भी बिना निर्धारित परमिट के प्रतापपुर मार्ग से गुजरने वाली बसों का मामला प्रमुखता से प्रकाशित किया था। इसके बावजूद स्थिति जस की तस बनी हुई है।
स्थानीय बस संचालकों ने परिवहन विभाग के अधिकारियों की कथित मिलीभगत का आरोप लगाते हुए कहा है कि रात में संचालित होने वाली कई बसें निर्धारित मार्ग के परमिट के बिना ही चल रही हैं। इन बसों की ऑनलाइन टिकट बुकिंग भी हो रही है, लेकिन इनके परमिट और निर्धारित रूट की जांच नहीं की जा रही है।