
नईदुनिया प्रतिनिधि, अंबिकापुर: सिकल सेल एवं थैलेसीमिया से पीड़ित बच्चों को बेहतर उपचार और स्थायी इलाज की दिशा में अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से काश फाउंडेशन रायपुर द्वारा 14 नवंबर को अंबिकापुर में निश्शुल्क एचएलए जांच एवं परामर्श शिविर आयोजित किया जाएगा। शिविर सुबह 10 से शाम चार बजे तक महाराजा अग्रसेन भवन, अग्रसेन चौक, खरसिया रोड में लगेगा। इसमें 12 वर्ष तक के बच्चों की लगभग 10 हजार रुपये मूल्य की यह जांच निश्शुल्क की जाएगी।
संस्था के अनुसार, इस जांच के लिए जर्मनी से विशेष किट मंगाई जा रही है। पीड़ित बच्चे के साथ उसके माता-पिता और भाई-बहनों के नमूने लिए जाएंगे। जांच मुंह की लार से होगी, जिसके लिए इंजेक्शन या सुई लगाने की आवश्यकता नहीं होगी। जांच रिपोर्ट लगभग तीन महीने बाद प्राप्त होगी। एचएलए मिलान के आधार पर बोन मैरो ट्रांसप्लांट की संभावनाओं का आकलन किया जा सकेगा।
शिविर में नारायणा हेल्थ सिटी, बेंगलुरु के प्रसिद्ध पीडियाट्रिक हेमेटो-आन्कोलॉजिस्ट डा सुनील भट्ट बच्चों को परामर्श देंगे। सिकल सेल और थैलेसीमिया के अलावा ल्यूकेमिया, अप्लास्टिक एनीमिया एवं ब्लड कैंसर से पीड़ित बच्चों को भी विशेषज्ञ परामर्श मिलेगा। अब तक लगभग 120 बच्चों का पंजीयन हो चुका है। सरगुजा सहित सूरजपुर, बलरामपुर, जशपुर और आसपास के क्षेत्रों से बच्चों के पहुंचने की संभावना है।
यह भी पढ़ें- स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में छत्तीसगढ़ को मिले 3 राष्ट्रीय पुरस्कार, बिल्हा देश का सबसे स्वच्छ शहर
काश फाउंडेशन पिछले 15 वर्षों से सिकल सेल एवं थैलेसीमिया पीड़ित बच्चों के उपचार, निःशुल्क रक्त, दवाइयों और चिकित्सा सहायता के लिए कार्य कर रहा है। संस्था के अनुसार, अब तक 152 बच्चों का बोन मैरो ट्रांसप्लांट कराया जा चुका है।
शिविर में विशेष सहयोग पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव का है। संस्था ने अभिभावकों और सामाजिक संगठनों से जरूरतमंद बच्चों तक शिविर की जानकारी पहुंचाने की अपील की है।