
अंबिकापुर (नईदुनिया प्रतिनिधि): छत्तीसगढ़ शासन की महत्वाकांक्षी श्री रामलला दर्शन योजना के तहत सरगुजा संभाग के श्रद्धालुओं में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है। मंगलवार को सरगुजा संभाग के कुल 850 श्रद्धालु भगवान श्रीरामलला के अलौकिक दर्शन के लिए विशेष ट्रेन से अयोध्या धाम के लिए रवाना हुए।
छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल द्वारा संचालित इस योजना के अंतर्गत अंबिकापुर रेलवे स्टेशन से इस आस्था की विशेष ट्रेन को जिला पंचायत सरगुजा की अध्यक्ष निरूपा सिंह एवं अन्य गणमान्य जनप्रतिनिधियों ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
विशेष ट्रेन के प्रस्थान से पूर्व सरगुजा सांसद चिंतामणि महाराज रेलवे स्टेशन पहुंचे और वहां मौजूद सभी तीर्थयात्रियों से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना। सांसद ने सभी श्रद्धालुओं को अयोध्या धाम में भगवान श्री रामलला के दर्शन के लिए हार्दिक शुभकामनाएं दीं तथा उनकी सुखद, सुरक्षित एवं मंगलमय यात्रा की कामना की। इस गरिमामयी अवसर पर महापौर मंजूषा भगत, सभापति हरमिंदर सिंह टिन्नी सहित बड़ी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।
जिला स्तरीय नोडल अधिकारी वी.के. उइके ने विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि इस विशेष ट्रेन से पूरे सरगुजा संभाग के विभिन्न जिलों व विकासखंडों से कुल 850 श्रद्धालु अयोध्या रवाना हुए हैं। इनमें अकेले सरगुजा जिले से 162 तीर्थयात्री शामिल हैं। विकासखंडवार यात्रियों का विवरण इस प्रकार है:
इसके अलावा नगर निगम अंबिकापुर से 29, नगर पंचायत लखनपुर से 7 तथा नगर पंचायत सीतापुर से 7 श्रद्धालु अयोध्या धाम के दर्शन के लिए इस विशेष ट्रेन में सवार होकर रवाना हुए हैं।
यात्रियों की देखरेख और व्यवस्थाओं को संभालने के लिए छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल के सरगुजा संभाग के क्षेत्रीय अधिकारी आशीष वर्मा के साथ-साथ रेलवे, आईआरसीटीसी और समाज कल्याण विभाग के तमाम अधिकारी-कर्मचारी स्टेशन पर मुस्तैद रहे।
अधिकारियों ने बताया कि श्री रामलला दर्शन योजना के तहत अयोध्या धाम में दर्शन लाभ लेने के पश्चात सभी श्रद्धालुओं की वापसी 30 अक्टूबर 2026 को निर्धारित है। इस धार्मिक यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में गजब का उत्साह और भक्तिमय माहौल देखा गया।