
नईदुनिया प्रतिनिधि, अंबिकापुर : बलरामपुर जिले के शंकरगढ़ थाना क्षेत्र के एक गांव में 15 वर्षीय किशोर की बेरहमी से हुई पिटाई के बाद इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना गांव में नवनिर्मित प्रधानमंत्री आवास में हुई। मृतक की मां का आरोप है कि गांव के ही एक व्यक्ति ने पत्नी के साथ किशोर को आपत्तिजनक स्थिति में देखने का आरोप लगाकर पीट-पीटकर हत्या कर दी है। उसने अपनी पत्नी की भी डंडे से बेदम पिटाई की। घायल महिला को गंभीर चोट आई है।उसका उपचार मेडिकल कालेज अस्पताल में चल रहा है।
जानकारी के अनुसार गांव में चार नवंबर को एक दशगात्र कार्यक्रम आयोजित था। मृतक किशोर अपनी मां के साथ कार्यक्रम में शामिल होने गया था। दोपहर करीब 11.30 बजे गांव के ही एक व्यक्ति ने उसकी मां को आकर बताया कि उसके बेटे को गांव की एक विवाहित महिला के साथ महिला के नए पीएम आवास में देखा गया है और वहां मारपीट हो रही है।
सूचना मिलते ही किशोर की मां और महिला की सास मौके पर पहुंची। स्वजन के मुताबिक जब वे आवास पर पहुंचे तो किशोर जमीन पर बेहोश पड़ा था। उसके सिर से खून बह रहा था और सिर में गंभीर चोट लगी हुई थी। पास में ही महिला भी घायल अवस्था में थी। स्वजन का आरोप है कि महिला के पति ने दोनों को आवास में देख लेने के बाद डंडे और हाथ-मुक्कों से बेरहमी से पीटा।
यह भी पढ़ें- छत्तीसगढ़ के घरौंदा केंद्र या कैद: चारपाई में बंधा मिला मरीज, नहीं आते डॉक्टर
मारपीट करने वाले ने यह आरोप लगाया था कि किशोर को उसने अपनी पत्नी के साथ आपत्तिजनक स्थिति में देखा था,इस कारण दोनों की डंडे से पिटाई की है।घटना की जानकारी के बाद गांव में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने 108 एंबुलेंस को सूचना दी। एंबुलेंस से दोनों घायलों को तत्काल शंकरगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी नाजुक स्थिति को देखते हुए अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया। अंबिकापुर में इलाज के दौरान देर शाम किशोर ने दम तोड़ दिया। महिला का इलाज जारी है।
मृतक की मां ने पुलिस को दिए बयान में कहा है कि उसके बेटे की मौत पिटाई से लगी चोटों के कारण हुई है। मेडिकल कालेज अस्पताल की पुलिस चौकी ने मृतक के स्वजन का बयान लिया है। अग्रिम विवेचना के लिए केस डायरी शंकरगढ थाने को भेजी जा रही है।