
नईदुनिया प्रतिनिधि, अंबिकापुर : सरगुजा, सूरजपुर और बलरामपुर जिले में 19 लोगों की जान लेने वाला कबरा हाथी का व्यवहार अब बदलने लगा है। ट्रेंकुलाइज कर कालर आइडी लगाने के बाद से वह आबादी क्षेत्र की ओर प्रवेश नहीं कर रहा है, बल्कि उदयपुर वन परिक्षेत्र में ही 17 हाथियों के दल में मिलकर विचरण कर रहा है। इसी के साथ 12 दिन से उदयपुर में डेरा डाले वन विभाग की विशेष टीम प्रशिक्षित हाथी तीरथ राम व दुर्योधन को लेकर बुधवार को वापस लौट गई।प्रशिक्षित हाथी राजू को भी महावतों के साथ अचानकमार टाइगर रिजर्व भेज दिया गया।
वन मुख्यालय के निर्देश पर कबरा हाथी को ट्रेंकुलाइज कर कालर आइडी लगाने के लिए विशेष टीम तैयार की गई थी। इस टीम में वन्य जीव विशेषज्ञों के अलावा अधिकारी, कर्मचारी और रमकोला हाथी पुनर्वास केंद्र के प्रशिक्षित हाथी दुर्योधन व तीरथ राम को शामिल किया गया था। उनके सहयोग के लिए अचानकमार टाइगर रिजर्व से प्रशिक्षित हाथी राजू को भी लाया गया था।
14 नवंबर को टीम उदयपुर के सायर गांव पहुंची थी। यहां दो दिनों तक अभियान चलाने के बाद भी सफलता नहीं मिल सकी थी। कबरा हाथी रामगढ़ की तराई में चला गया था। फिर सायर से टीम को रामगढ़ शिफ्ट किया गया था। रामगढ़ की पहाड़ी पर 18 नवंबर को कबरा हाथी को ट्रेंकुलाइज कर कालर आइडी लगा दिया गया था।
कालर लगने के बाद भी 10 दिन तक रखी गई नजर
कालर आइडी लगाने के बाद भी उसकी गतिविधियों पर नजर रखने के लिए टीम को रामगढ़ में ही तैनात किया गया था। सैटेलाइट के अलावा वेरी हाई फ्रीक्वेंसी वाले एंटीना के माध्यम से भी कबरा हाथी की लोकेशन मिल रही थी। टीम को इसलिए रोक कर रखा गया था कि यदि ट्रेंकुलाइज कर कालर आइडी लगाने के बाद भी उसके व्यवहार में परिवर्तन नहीं हुआ तो उसे कब्जे में किया जाएगा और फिर रमकोला के हाथी पुनर्वास केंद्र में शिफ्ट किया जाएगा।
यह भी पढ़ें- खुदा का मसीहा बताकर सरगुजांचल में लाखों की ठगी, उत्तरप्रदेश का युवक हिरासत में, पीर बनकर लूटा
लेकिन पिछले 10 दिनों से देखा गया कि कबरा हाथी आबादी क्षेत्र की ओर नहीं जा रहा है। उसने किसी प्रकार का कोई नुकसान भी नहीं पहुंचाया है। वर्तमान में वह 17 हाथियों के दल में शामिल होकर विचरण कर रहा है। उसका व्यवहार भी बदला है और गतिविधियां भी शांत हुई हैं।
बुधवार सुबह शुरू हुई वापसी, देर रात पहुंचे रमकोला
वर्तमान स्थिति से वन मुख्यालय के अधिकारियों को अवगत कराया गया था। सब कुछ सामान्य हो जाने के बाद आखिरकार वन मुख्यालय से आदेश मिला कि टीम को अब वापस लौटा दिया जाए। इस आदेश के परिपालन में बुधवार सुबह से प्रशिक्षित हाथी दुर्योधन और तीरथ राम को ट्रक में सवार करने का काम शुरू किया गया। ऐसा परिवेश तैयार किया गया कि वे आसानी से ट्रक में सवार हो सकें। इसके बाद अचानकमार टाइगर रिजर्व के राजू हाथी को भी ट्रक में सवार कर भेज दिया गया।
इधर दुर्योधन और तीरथ राम को लेकर महावतों, ट्रैकरों के साथ वन विभाग की टीम भी वापस लौट आई। देर रात दुर्योधन और तीरथ राम हाथी के साथ वन विभाग की टीम के रमकोला रेस्क्यू सेंटर पहुंच जाने की संभावना है। हाथियों को ट्रक में एक स्थान से दूसरे स्थान ले जाने में नियमों का पालन करना पड़ता है। ट्रक की गति इतनी रखी जाती है कि हाथियों को किसी प्रकार की कोई दिक्कत न हो।
दुर्योधन-तीरथ राम ने दिया पूरा साथ
11 दिनों तक टीम उदयपुर क्षेत्र में रही, 12वें दिन वापस लौट गई। इस दौरान टीम के सदस्यों ने कहा कि प्रशिक्षित हाथी दुर्योधन और तीरथ राम ने अभियान में पूरा साथ दिया। इन्हीं पर सवार होकर लगातार कबरा हाथी की जंगल में तलाशी की गई। अधिकारियों के दिशा-निर्देशन में महावतों और ट्रैकरों का काम भी बेहतर रहा। इसी कारण अभियान सफल रहा।