बिलासपुर के बाद अंबिकापुर में पत्नी को पति ने बीच सड़क पर दिया 'तीन तलाक', जान से मारने की भी दी धमकी
अंबिकापुर के सदर रोड में रहने वाली शना परवीन को उसके पति टीपू कुरैशी ने रास्ते में रोककर तीन बार तलाक बोलकर संबंध विच्छेद कर लिया। विवाह के 11 वर्ष बाद और तीन बच्चों की मां होने के बावजूद आरोपी पति ने महिला को उर्स मेले में जाते वक्त सरेराह रोका, गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी।
Publish Date: Thu, 28 May 2026 10:03:39 AM (IST)Updated Date: Thu, 28 May 2026 10:03:39 AM (IST)
HighLights
- बिलासपुर,अंबिकापुर में तीन तलाक कानून की उड़ी धज्जियां।
- गाली-गलौज कर जान से मारने की दी धमकी, FIR दर्ज।
- विवाह के 11 वर्षों बाद पति ने पत्नी को साथ रखने से किया इनकार।
नईदुनिया प्रतिनिधि,अंबिकापुर: शहर के सदर रोड में रहने वाली शना परवीन को उसके पति टीपू कुरैशी ने राह चलते तीन तलाक दे दिया। पति की प्रताड़ना से क्षुब्ध होकर महिला कुछ दिनों से मायके में रह रही थी। घटना दिवस की शाम वह बच्चों और चाची के साथ सद्भावना ग्राम तकिया में आयोजित उर्स में शामिल होने जा रही थी। रास्ते मे पति ने उसे देखा। गाली-गलौज कर जान से मारने की धमकी देते हुए तीन बार तलाक बोलकर चला गया। पुलिस ने पति के विरुद्ध प्राथमिकी की है।
जानकारी के अनुसार सदर रोड निवासी शना परवीन उर्फ नीलू (35)का विवाह वर्ष 2015 में मुस्लिम रीति-रिवाज से मायापुर निवासी टीपू कुरैशी के साथ हुआ था। दंपती के तीन पुत्र हैं। महिला का आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद से ही पति का व्यवहार बदल गया और वह छोटी-छोटी बातों पर गाली-गलौज करने लगा।
आरोप है कि आरोपित पति कई बार पत्नी के साथ नहीं रहने की बात करने लगा था। लगातार विवाद,प्रताड़ना और साथ नहीं रखने की उलाहना से परेशान होकर वह आठ मार्च 2026 को अपने तीनों बच्चों के साथ मायके सदर रोड आकर रहने लगी। महिला ने बताया कि 18 मई की शाम करीब छह बजे वह अपने बच्चों और चाची अजमेरून के साथ तकिया शरीफ जा रही थी।
इसी दौरान रास्ते में उसका पति मिल गया। आरोप है कि पति ने सार्वजनिक रूप से गाली-गलौज शुरू कर दी और जान से मारने की धमकी देते हुए कहा कि अब वह उसके साथ नहीं रह सकता। पत्नी से कहा कि तुम अब कभी अपनी शक्ल मत दिखाना।इसके बाद उसने बीच सड़क पर तीन बार “तलाक” बोलकर संबंध खत्म करने की बात कही और वहां से चला गया। घटना के बाद महिला फूट-फूटकर रोने लगी।
चाची देखी पूरी घटना
पीड़िता का कहना है कि उसकी चाची अजमेरून ने पूरी घटना देखी और सुनी है। घर पहुंचने पर उसने घटना की जानकारी अपनी मां राहत परवीन और बहन माही को भी दी।महिला की शिकायत पर कोतवाली पुलिस से पति के खिलाफ तीन तलाक, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने की धाराओं के तहत प्राथमिकी की है।
ऐसे समझें पूरा मामला क्या है-
11 साल का रिश्ता तार-तार: वर्ष 2015 में हुए निकाह और तीन बच्चों के जन्म के बाद भी आरोपी पति ने मामूली विवादों के चलते वैवाहिक संबंधों को सरेराह खत्म कर दिया।
चाची बनीं चश्मदीद गवाह: सरेराह घटित हुए इस संवेदनशील वाकये की मुख्य चश्मदीद गवाह पीड़िता की चाची अजमेरून हैं, जिन्होंने आरोपी को सरेआम धमकी देते सुना।
उर्स मेले के रास्ते में हुड़दंग: आरोपी टीपू कुरैशी ने तकिया शरीफ उर्स के पवित्र आयोजन के दौरान रास्ते में भीड़भाड़ के बीच इस दकियानूसी कृत्य को अंजाम दिया।
गैर-जमानती धाराओं में केस: केंद्र सरकार के सख्त 'तीन तलाक विरोधी कानून' के तहत कोतवाली पुलिस ने मामला दर्ज किया है, जिसमें आरोपी की गिरफ्तारी तय है।