
अंबिकापुर (नईदुनिया प्रतिनिधि)। बालीवुड फिल्मों में अपनी अलग पहचान बनाने वाले अंबिकापुर के सौरभ-वैभव की जोड़ी ने दक्षिण भारतीय फिल्मों में भी कदम रखा है। दक्षिण भारतीय सुपरहिट फिल्म बीरबल में दर्शकों से मिले बेहतर प्रतिसाद से उत्साहित सौरभ -वैभव की एक और फिल्म ओल्ड मोंक भी जल्द ही आ रही है। अंबिकापुर निवासी इस युवा संगीतकार की जोड़ी ने बालीवुड की फिल्मों के अलावा कई एलबम में संगीत से सबको प्रभावित किया है। अब इन्होंने फिल्म निर्माण के क्षेत्र में भी कदम बढ़ाया है सौरव वैभव की इस उपलब्धि से सरगुजा गौरवान्वित है। बालीवुड के बाद दक्षिण भारतीय फिल्मों (साउथ मूवी) में ये जोड़ी शानदार काम कर रही है। इन दोनों ने फिल्म ओल्ड मोंक में संगीत दिया है। यह फिल्म कन्नड़ और तेलगु दोनों भाषा मे एक साथ आ रही है। इस फिल्म के संगीतकार और निर्माता भी सौरव-वैभव ही है। फिल्म का ट्रेलर 26 अगस्त को रिलीज हो चुका है। दक्षिण की ख्यातिनाम म्यूजिक कंपनी आनंद आडियो के माध्यम से फिल्म का ट्रेलर रिलीज किया गया। इस समारोह के मुख्य अतिथि दक्षिण भारतीय फिल्मों के कलाकार पुनिथ राजकुमार थे। ट्रेलर देखकर उन्होंने सौरव -वैभव की पीठ थपथपाई। ट्रेलर रिलीज होने के साथ ही यह फिल्म नाम कमाने लगी है। इससे पहले सौरव-वैभव ने एक और दक्षिण भारतीय फिल्म बीरबल में संगीत दिया है। यह फिल्म ओटीटी प्लेटफार्म के अलावा थियेटर में भी रिलीज हुई थी। इस फिल्म को दर्शकों का बेहतर प्रतिसाद मिला था। दक्षिण भारतीय फिल्म की सफलता को देखते हुए सौरव-वैभव ने निर्माता और संगीतकार के रूप में नई फिल्म ओल्ड मोंक पर काम किया है। उनकी पहली फिल्म ने साउथ मूवी के फील्ड में सौरव-वैभव को अलग पहचान दी। जिससे उनका उत्साह बढ़ा है। सौरव-वैभव की नई फिल्म ओल्ड मोंक इस साल अक्टूबर में ओटीटी प्लेटफार्म के अलावा थियेटर में भी रिलीज होगी। सौरव ने बताया कि इस फिल्म का हिंदी अनुवाद भी होगा। इस फिल्म में दक्षिण भारतीय फिल्मों के नामचीन कलाकार एमजी श्रीनिवास, अदिति प्रभुदेवा, सुदेश नायर ने अभिनय किया है। सौरव-वैभव की जोड़ी ने बालीवुड फिल्म सोनू के टीटू की स्वीटी में भी संगीत दिया है। इस फिल्म की बेहतरीन संगीत के लिए इन्हें आइफा अवार्ड भी मिल चुका है। एक संगीतकार के रूप में बालीवुड में अपनी अलग पहचान बना चुके सौरव -वैभव फिल्म निर्माण के क्षेत्र में भी आगे बढ़ चुके हैं। बालीवुड में मिली ख्याति का फायदा उन्हें दक्षिण भारत की फिल्म इंडस्ट्री में मिल रहा है। संगीत के बाद अब वे फिल्म निर्माण की दिशा में भी सफलता प्राप्त कर रहे हैं। सौरभ- वैभव ने बताया कि उनकी आने वाली फिल्म को दर्शकों का भरपूर सहयोग और समर्थन मिलेगा।