19 जानें लेकर 'कबरा' चला शांति की राह: खूंखार हाथी ने ओढ़ी शराफत की चादर, टेंशन में वन अमला
17 हाथियों के झुंड में शामिल हो जाने के कारण उसे ट्रेंकुलाइज कर कॉलर आईडी लगाने में दिक्कत आ रही है, हालांकि वन विभाग की प्राथमिकता सुरक्षा पर है।
Publish Date: Tue, 17 Nov 2026 08:41:11 PM (IST)Updated Date: Tue, 17 Nov 2026 08:41:11 PM (IST)
कबरा हाथी File PhotoHighLights
- सरगुजा में 19 ग्रामीणों की जान लेने वाले कबरा हाथी की तलाश जारी।
- 17 हाथियों के झुंड में शामिल होने के कारण ट्रेंकुलाइज करने में आ रही अड़चन।
- वन विभाग ने स्पष्ट किया, जल्दबाजी के बजाय इंसानों और हाथियों की सुरक्षा सर्वोपरि।
नईदुनिया प्रतिनिधि, अंबिकापुर :सरगुजा, सूरजपुर और बलरामपुर जिले में 19 ग्रामीणों की जान लेने वाले कबरा हाथी के व्यवहार में झुंड में शामिल होने के बाद बदलाव आ गया है। पिछले पांच दिनों से वह जंगल से ही बाहर नहीं निकला है। पांचवें दिन भी उसे ट्रेंकुलाइज कर कालर आइडी नहीं लगाया जा सका। वन्य जीव विशेषज्ञों की टीम अभी भी आपरेशन में लगी हुई है।
हाथियों का दल अभी भी उदयपुर ब्लॉक के तेंदूटिकरा और सरमा के बीच जंगल में जमा हुआ है। सोमवार को भी कबरा हाथी को झुंड से अलग कर ट्रेंकुलाइज करने का प्रयास किया गया, लेकिन अनुकूल स्थिति नहीं बन पाने के कारण सफलता नहीं मिल सकी। इसके लिए दिन में कई बार प्रयास किया गया। प्रशिक्षित कुमकी हाथियों की भी मदद ली गई, लेकिन टीम को निराशा ही हाथ लगी।
वन विभाग द्वारा अत्याधुनिक तकनीक से लैस ड्रोन का उपयोग हाथियों पर नजर रखने के लिए किया जा रहा है। इसमें हाथियों की पूरी गतिविधि नजर आ रही है। कबरा हाथी भी 17 हाथियों के झुंड में घुस गया है। वह उनसे अलग ही नहीं हो रहा है, जिस कारण उसे ट्रेंकुलाइज करने में मदद नहीं मिल रही है।
जल्दबाजी नहीं, सुरक्षा है प्राथमिकता
सरगुजा के मुख्य वन संरक्षक वन्य प्राणी डा प्रणय मिश्रा ने कहा कि अच्छी बात यह है कि आपरेशन शुरू होने के बाद से कबरा हाथी झुंड में शामिल हो गया है। वह बाहर नहीं निकल रहा है। इससे हाथी भी सुरक्षित हैं और इंसान भी।
उन्होंने कहा कि यह एक ऐसा आपरेशन है, जिसमें समय सीमा निर्धारित नहीं होती। पूरे आपरेशन के दौरान यह ध्यान रखना पड़ता है कि किसी भी हाथी को कोई नुकसान न पहुंचे और अभियान में लगी टीम के सदस्य भी पूरी तरह सुरक्षित रहें। डा मिश्रा ने कहा कि अब लग रहा है कि कबरा हाथी का व्यवहार कुछ बदला है, लेकिन दल में शामिल दूसरे हाथियों को वह अभी परेशान करता है।
इसकी पुष्टि ड्रोन कैमरे से ली जाने वाली तस्वीरों से होती है। प्रयास लगातार किया जा रहा है, लेकिन स्थिति ऐसी बन ही नहीं रही है कि कबरा हाथी को ट्रेंकुलाइज कर कालर आइडी लगाया जा सके। वन्य जीव विशेषज्ञ तथा अधिकारी-कर्मचारी अभियान में लगे हुए हैं। हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता हाथियों के साथ इंसानों की भी सुरक्षा है।