
अंबिकापुर । नईदुनिया प्रतिनिधि
अंबिकापुर नगर पालिका की स्थापना आजादी से पहले ही हो चुकी थी। तत्कालीन महाराजा रामानुजशरण सिंहदेव एवं महारानी विजेश्वरी देवी कोलकाता गए थे तब वहां की साफ-सफाई देख महारानी ने जानकारी चाही तो बताया गया कि यहां नगर पालिका के द्वारा साफ-सफाई की व्यवस्था की जाती है। तब उन्होंने अंबिकापुर को भी नगर पालिका बनाने और साफ-सफाई की व्यवस्था इसी तर्ज पर कराने की योजना बना ली और कोलकाता से ही साफ-सफाई के सभी साजो-सामान सरगुजा ले आईं। कोलकाता नगर पालिका की तर्ज पर अंबिकापुर के महज सात हजार आजादी वाले छोटे से कस्बे में भैंसागाड़ी से कचरा उठाव शुरु हुआ। रिकार्ड में अंबिकापुर नगर पालिका के पहले अध्यक्ष लाल रामानुज प्रताप सिंह मनोनित हुए थे किन्तु नगर पालिका की स्थापना 1936 में महारानी विजेश्वरी देवी ने ही रख दी थी। तब से आज तक कई अध्यक्ष बने और आज अंबिकापुर शहर पौने दो लाख आबादी का शहर बन गया और यहां महापौर चुना जाता है।
सरगुजा स्टेट जमाने में वर्ष 1936 में अंबिकापुर नगर पालिका अस्तित्व में तब आया जब महारानी विजेश्वरी देवी ने यहां नागरिकों को शहरी तर्ज पर सुविधाएं देनी शुरु की थी। नगर के महामाया चौक पर महारानी विजेश्वरी देवी का जुबली धर्मशाला में नगर पालिका का दफ्तर चालू हुआ और तब कोलकाता से लाए गए भैंसागाड़ी में शहर की सफाई व्यवस्था शुरु हुई। महज सात से आठ हजार की आबादी वाले अंबिकापुर में चंद कर्मचारी बेलचा, तगाड़ी, झाडू, बांस का टोकना लेकर शहर में निकलते थे और कचरा उठाव करते थे। तब और आज में काफी फर्क आ चुका है पर नगर पालिका के इतिहास में यह भी हमेशा चर्चा का विषय रहता है कि इसकी शुरुआत कैसे हुई होगी। तब साधन-संसाधनों की कमी थी पर बाजार बड़ा नहीं था, जनसंख्या अधिक नहीं थी इस कारण कम संसाधन में ही सारी व्यवस्थाएं होती थी।
स्थापना का श्रेय महिला को, अब तक एकमात्र महिला ही अध्यक्ष
अंबिकापुर नगर पालिका की स्थापना का श्रेय 1936 में महारानी विजेश्वरी देवी को जाता है। उन्हें नगर पालिका का स्थापना अध्यक्ष माना जा सकता है किन्तु नगर पालिका अंबिकापुर के इतिहास में एक बार ही ऐसा अवसर आया जब महिला अध्यक्ष शहर की जनता ने चुना। वर्ष 1999 में प्रत्यक्ष प्रणाली से हुए नगर पालिका चुनाव में श्रीमती कमला त्रिपाठी पहली नपा अध्यक्ष निर्वाचित हुईं। नगर पालिका के बाद नगर निगम के इतिहास में अब तक मात्र एक बार ही महिला अध्यक्ष निर्वाचित हुई हैं।
1945 से अब तक बने नपा अध्यक्ष
0 लाल रामानुज प्रताप सिंह
0 चौधरी जवाहर लाल
0 गिरजाशंकर बोहिदार
0 बी.बी. बसोड़
0 एबी जाधव
0 गिरजाशंकर बोहिदार
0 सत्यनारायण सिंह
0 सरदार हाकिम सिंह
0 गिरधारी लाल जायसवाल
0 कन्नीलाल जायसवाल
0 गिरधारी लाल जायसवाल
0 कन्नीलाल जायसवाल
0 टीएस सिंहदेव
0 कमला त्रिपाठी
0 प्रबोध मिंज (महापौर)
0 डॉ. अजय तिर्की (महापौर)