Ambikapur news: (नईदुनिया प्रतिनिधि)। करमा सरगुजा का लोक पर्व और नृत्य है। मांदर की थाप पर होने वाले करमा नृत्य का एक सरगुजिहा गाना है... हमर पारा, तुंहर पारा ..पारा ऊपर पारा ..चला संगी करमा ला खेले खालपारा..। सरगुजिहा संस्कृति से जुड़ा यह गाना इन दिनों सेहत से भी जुड़ चुका है। सरगुजा का यह प्रसिद्ध लोक गीत सेहत से कैसे जुड़ा है, इसे जानना है तो प्रतिदिन सुबह आपको अंबिकापुर के गांधी स्टेडियम में आना होगा। इस गाने के अलावा कुछ और लोकप्रिय गाने को बच्चे,युवा, महिलाएं और बुजुर्ग व्यायाम से जोड़ चुके हैं।इन गानों के अलग-अलग लाइन में ये सभी अलग-अलग प्रकार का व्यायाम करते हैं। इन गानों में होने वाले नृत्य के माध्यम से व्यायाम कर लोग अपने घरों को लौटते हैं।
शहरवासियों को मनोरंजन के साथ बेहतर स्वास्थ्य के लिए यह अवसर उपलब्ध कराया है सरगुजा पुलिस ने। दरअसल सरगुजा पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता ने नागरिकों के अलावा पुलिस अधिकारियों,कर्मचारियों के लिए फिट काप,फिट सिटी अभियान की शुरुआत कुछ महीने पहले की थी। पुलिस के इस अभियान से लोग अब स्वस्फूर्त जुड़ने लगे है। न सिर्फ पुलिस अधिकारी-कर्मचारी बल्कि नागरिकों द्वारा भी इसमें उत्साह से सहभागिता दर्ज की जा रही है ।जो लोग सुबह टहलने के लिए गांधी स्टेडियम आया करते थे, वे अब पुलिस के इस अभियान से जुड़ते जा रहे है। सेहत के लिए फिक्रमंद लोगों को उत्साह के साथ व्यायाम करते देखा जा सकता है।
सरगुजा पुलिस द्वारा शांति,सुरक्षा और कानून व्यवस्था के साथ नागरिकों के सेहत का ख्याल रखा जा रहा है। हर सुबह गांधी स्टेडियम में पुलिस की ओर से कुशल प्रशिक्षक योगा,व्यायाम के साथ जुंबा के माध्यम से पुलिस अधिकारी,कर्मचारियों के अलावा नगरवासियों को स्वस्थ रखने प्रशिक्षण दिया जा रहा है। प्रतिदिन सुबह एक घण्टे से अधिक समय तक गीत-नृत्य के बीच इन लोगों की क्लास लगती है।शहरवासी अब स्वप्रेरणा से पुलिस के फिट काप,फिट सिटी अभियान से जुड़ रहे है।सुबह-सुबह गांधी स्टेडियम में पैदल टहलने वाले लोग भी इन गीतों को सुनकर उत्साहित नजर आते है।सुबह स्टेडियम का माहौल इस आयोजन से सबको प्रेरित करता है कि वे भी इस अभियान का हिस्सा बने।
फिट काप-फिट सिटी अभियान के तहत प्रतिदिन योग,व्यायाम तो होता ही है लेकिन समय-समय पर सरगुजा पुलिस द्वारा दौड़ और साइकिल दौड़ का भी आयोजन किया जाता है। इस आयोजन में तत्कालीन आइजी अजय यादव भी शामिल होते रहे हैं। पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता खुद आगे बढ़कर लोगों के बेहतर स्वास्थ्य के इस अभियान से जुड़ती है, जिससे पुलिस अधिकारी,कर्मचारियों का मनोबल भी बढ़ता है।
फिट काप, फिट सिटी अभियान को परिणाममूलक बनाया गया है। विभागीय तौर पर पुलिस अधिकारी-कर्मचारी जो इस अभियान से जुड़े हुए हैं उनके स्वास्थ्य का परीक्षण भी किया जाता है।अत्यधिक वजन सहित दूसरी बीमारियों से ग्रसित पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों के स्वास्थ्य में कितना सुधार आया इसलिए आकलन किया जाता है।इसी आधार पर संबधित पुलिस अधिकारी-कर्मचारी को उदाहरण स्वरूप प्रस्तुत कर पुरस्कृत भी किया जाता है।अभियान भी सफलता यह है कि इसमें महिलाएं,बच्चे भी स्वस्फूर्त जुड़ रहे हैं।