अंबिकापुर में किराये का मकान खोजने के बहाने खुलवाया दरवाजा, बुजुर्ग पर हमलावरों ने चाकू से किया हमला; दामाद पर आरोप
अंबिकापुर में किराये का मकान लेने के बहाने तीन हमलावरों ने 66 वर्षीय बुजुर्ग पर चाकू से हमला किया। परिजन ने दामाद पर साजिश का आरोप लगाया।
Publish Date: Wed, 16 Sep 2026 02:30:35 PM (IST)Updated Date: Wed, 16 Sep 2026 02:30:35 PM (IST)
अंबिकापुर में किराये का मकान खोजने के बहाने खुलवाया दरवाजा। (नईदुनिया)HighLights
- किराये का मकान लेने के बहाने हमलावरों ने दरवाजा खुलवाया था।
- तीन हमलावरों ने बुजुर्ग पर चाकू से ताबड़तोड़ वार किए।
- घायल बुजुर्ग की हालत नाजुक, अस्पताल में उपचार जारी है।
नईदुनिया प्रतिनिधि, अंबिकापुर : शहर के घनी आबादी वाले रसूलपुर मोहल्ले में बुधवार की सुबह तीन हमलावरों ने बशीरुद्दीन सिद्दीकी (66) पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिया। घर से निकलकर भागने के प्रयास में बुजुर्ग सड़क पर ही गिर पड़े, इधर हमलावर पैदल ही भाग निकले। हमलावरों ने किराये का मकान लेने के बहाने घर का दरवाजा खुलवाया था।
परिजन ने बुजुर्ग पर गोली चलाने का भी दावा किया है। उनका आरोप है कि बुजुर्ग की छोटी बेटी का अपने पति से तलाक का केस चल रहा है। इसी विवाद पर दामाद ने बाहरी लोगों को बुलवाकर ससुर की हत्या करवाने का प्रयास किया है।
ये है पूरा मामला
- रसूलपुर निवासी बशीरुद्दीन सिद्दीकी , भारतीय जीवन बीमा निगम में अभिकर्ता के रूप में काम करते हैं। उनकी दो बेटियां और एक बेटा है। बेटा रायपुर में और बड़ी बेटी ससुराल में रहती है। पति से विवाद के कारण छोटी बेटी पिता के यहां ही रह रही है। बुधवार की सुबह लगभग 9:30 बजे बशीरुद्दीन सिद्दीकी सब्जी लेकर घर पहुंचे। घर का दरवाजा बंद कर वे भीतर गए। उसी दौरान बाहर से दरवाजा पीटने की आवाज आई।
- बेटी ने भीतर से ही जानना चाहा तो बाहर खड़े लोगों ने बताया कि उन्हें किराये का मकान चाहिए। कपड़े बदलकर बशीरुद्दीन ने दरवाजा खोला उसी दौरान बाहर खड़े लोग भीतर घुस गए। उन्होंने उनपर चाकू से ताबड़तोड़ प्रहार कर दिया। एक व्यक्ति को घायलावस्था में ही उन्होंने पकड़ लिया था लेकिन कथित रूप से हथियार के पिछले हिस्से से उनके सिर के पीछे वार कर दिया। अत्यधिक रक्तस्राव से बुजुर्ग घर के दरवाजे के बाहर गिर पड़े। इधर हमलावर पैदल ही भाग निकले।
घायल बुजुर्ग को फिरदौसी हॉस्पिटल में भर्ती किया गया है। उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। अभी तक गोली लगने की पुष्टि नहीं हुई है लेकिन चाकू से उनके पेट में पांच से छह बार वार किया गया है। घटना की सूचना पर पुलिस महानिरीक्षक दीपक कुमार झा, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजेश अग्रवाल के साथ पुलिस और एफएसएल की टीम मौके पर पहुंची। घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ ही पुलिस ने मौके पर साक्ष्य एकत्रित किए।घटना के बाद समूचे जिले के बाहरी रास्तों पर नाकेबंदी की गई है। दामाद पर साजिश का शक
- घायल बशीरुद्दीन के परिजन ने बताया कि उनकी छोटी बेटी का विवाह तकिया निवासी नाजिम सबा से हुई थी। नाजिम द्वारा लगातार पत्नी को प्रताड़ित किया जा रहा था। प्रताड़ना से तंग आकर वह अपने मायके में आकर रहने लगी। उसने पति से तलाक के लिए प्रयास किया लेकिन पति द्वारा तलाक नहीं देने पर उसने न्यायालय की शरण ली है।
- न्यायालय में तलाक का केस विचाराधीन है। इस पर 26 सितंबर को अंतिम सुनवाई और निर्णय होना है। इसी विवाद के कारण दामाद द्वारा बाहरी लोगों को बुलवाकर अपने ससुर की हत्या करवाने की कोशिश की है। परिजन का आरोप है कि दामाद यह चाहता है कि ससुर नहीं रहेगा तो पत्नी उसके साथ रहने लगेगी। परिजन का कहना है कि दामाद के रिश्तेदार पांकी झारखंड में रहते हैं। वहां से भी अपराधियों को बुलाया जा सकता है।
सीसीटीवी कैमरे में भागते नजर आए तीनों हमलावर
- पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसी कैमरों की जांच शुरू कर दी है। सीसी कैमरे में तीन हमलावर पैदल ही बारी-बारी से भागते नजर आ रहे हैं। तीनों हमलावरों के स्पोर्ट्स बाइक से आने की बात कही जा रही है। इन्होंने अपनी बाइक दूर खड़ी की थी। गली के रास्ते दौड़ते हुए तीनों के भागने और स्पोर्ट्स बाइक से चले जाने की जानकारी सामने आई है।
इन्होंने अपना चेहरा भी नहीं ढंका था। रसूलपुर मोहल्ला घनी आबादी वाला है। मोहल्ले में कई गलियां हैं। पहली बार यहां आने वाला व्यक्ति आसानी से नहीं निकल सकता इसलिए पूरी संभावना है कि हमलावरों ने रेकी के बाद संपूर्ण क्षेत्र को अच्छे से देखने और भागने का रास्ता तय करने के बाद घटना कारित की है। गोली चलाने की भी आशंका
- घायल बशीरुद्दीन को सबसे पहले गोली मारने की बात परिजन कह रहे हैं लेकिन इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। परिजन का कहना है कि गोली चलाने के बाद वह पेट के भाग को छूते हुए निकल गई तब हमलावरों ने अपने पास रखे चाकू से ताबड़तोड़ कई प्रहार कर दिया।
- हमलावरों के भाड़े के अपराधी होने का दावा किया जा रहा है। पहले भी बुजुर्ग से उनके छोटे दामाद से जुड़े लोगों ने विवाद किया था। घर बंद होने के कारण अभी भीतरी हिस्से की जांच नहीं हुई है। कारतूस के खाली खोखे नहीं मिले हैं। बुजुर्ग का सीटी स्कैन करवाया जा रहा है इसके माध्यम से भी गोली चलने की पुष्टि हो सकती है। सीसी कैमरे के एक फुटेज में एक हमलावर के पिस्तौल लहराकर दौड़ते नजर आने की बात कही जा रही हैं।