
नईदुनिया प्रतिनिधि, अंबिकापुर: गणेश विसर्जन के दौरान दरिमा थाना प्रभारी और प्रशिक्षु उप पुलिस अधीक्षक निशांत कुर्रे के साथ मारपीट और उनके निजी वाहन में तोड़फोड़ के मामले में मणिपुर पुलिस ने छह मुख्य आरोपितों को गिरफ्तार किया है। घटना जगदीशपुर मेन रोड की है।
जानकारी के अनुसार प्रशिक्षु डीएसपी निशांत कुर्रे गुरुवार रात करीब 10 बजे ग्रामीण क्षेत्र के भ्रमण के बाद अपनी निजी वाहन से दरिमा से अंबिकापुर लौट रहे थे। ग्राम जगदीशपुर मेन रोड पर डीजे के साथ गणेश विसर्जन की झांकी निकाली जा रही थी। पिकअप में तेज आवाज में डीजे बजाकर आम रास्ता बाधित किया गया था।
प्रशिक्षु डीएसपी ने जुलूस में शामिल लोगों से वाहन को साइड देने और मार्ग व्यवस्थित करने की समझाइश दी। इसी बात को लेकर विसर्जन में शामिल कुछ युवक विवाद करने लगे। देखते ही देखते विवाद मारपीट तक पहुंच गया। आरोपितों ने शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न करते हुए झूमाझटकी की और वाहन के शीशे तोड़कर क्षतिग्रस्त कर दिया। मारपीट में डीएसपी को मामूली चोटें आई हैं। इनमें से अधिकांश के नशे में होने की बात भी सामने आई है।
यह भी पढ़ें- अंबिकापुर में IG बोले- डरें नहीं कॉल करें, डायल 112 से मिलेगी तत्काल मिलेगी मदद
सूचना मिलते ही पुलिस ने इलाके में घेराबंदी कर छह आरोपितों को हिरासत में लिया।थाना मणिपुर में प्रार्थी की रिपोर्ट पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 132, 121(1), 221, 324(4) एवं 3(5) के तहत केस दर्ज कर विवेचना में लिया गया। पूछताछ में आरोपितों ने घटना स्वीकार की।
गिरफ्तार आरोपितों में अनिल राजवाड़े पिता बोधन राजवाड़े (42) निवासी नरवापारा जगदीशपुर,धनेश्वर राजवाड़े उर्फ धन्नू पिता रामधारी राजवाड़े (22) निवासी मझियानपारा जगदीशपुर, रामदेव राजवाड़े उर्फ चुटुल पिता रामधारी राजवाड़े (19) निवासी मझियानपारा जगदीशपुर, शिवशंकर राजवाड़े उर्फ शिव पिता सुखमेश्वर राजवाड़े (44) निवासी भिठियापारा जगदीशपुर तथानीरज राजवाड़े पिता रामाश्रय राजवाड़े (20) निवासी नरवापारा जगदीशपुर तथा मुकेश दास पिता अर्जुन दास (18) निवासी पटेलपारा जगदीशपुर शामिल हैं।
सभी आरोपितों को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया है। शेष आरोपितों की पहचान की जा रही है। इस संबंध में अंबिकापुर ग्रामीण एसडीओपी राकेश बघेल ने बताया कि दरिमा थाना प्रभारी ने मार्ग बंद देखकर समझाइश दी थी, इसी दौरान युवकों ने विवाद किया। सभी के विरुद्ध गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया गया है।