नईदुनिया प्रतिनिधि, अंबिकापुर: यह सुविधा अंबिकापुर दुर्ग ट्रेन में पांच से नौ अक्टूबर तक उपलब्ध होगी। अधिकाधिक यात्रियों को कंफर्म बर्थ उपलब्ध कराने हेतु गाड़ी संख्या 18241-18242 दुर्ग-अंबिकापुर एवं दुर्ग एक्सप्रेस में एक अतिरिक्त स्लीपर कोच की सुविधा अस्थायी रूप से उपलब्ध कराई जा रही है।
यह सुविधा दुर्ग से रवाना होने वाली ट्रेन में पांच से नौ अक्टूबर तक एवं अंबिकापुर-दुर्ग एक्सप्रेस में छह से नौ अक्टूबर तक उपलब्ध रहेगी। बता दें कि सरगुजा जिले के लिए राजधानी रायपुर के बीच चलने वाली एकमात्र अंबिकापुर दुर्ग ट्रेन में यात्रियों की बढ़ती संख्या के कारण अक्सर लोगों को सीट के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ती है।
इसके चलते यात्रियों को तत्काल में अतिरिक्त राशि देकर कंफर्म टिकट लेना पड़ता है। पर्व, त्यौहार एवं अवकाश के दिनों में इस ट्रेन में सीट मिलना मुश्किल हो जाता है। बता देंं वर्तमान में इस ट्रेन में स्लीपर क्लास की नौ बोगी जुड़ी है।
सीसी कैमरे से अंबिकापुर स्टेशन की निगरानी
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे प्रबंधन द्वारा यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने स्टेशनों को सीसी कैमरे से लैस किया जा रहा है। अंबिकापुर रेलवे स्टेशन में भी अब तीसरी आंख से बारीक नजर रखी जाएगी। यात्रियों की सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी रेल सुरक्षा बल एवं जीआरपी के ऊपर रहती है। अब सीसी कैमरा की मदद से रेलवे परिसर एवं स्टेशन की बेहतर संरक्षा और सुरक्षा सुनिश्चित की जा रही है।
सीसी कैमरे की मदद से रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट के कंट्रोल रूम से स्टेशनों के सभी गतिविधियों व सुरक्षा की निगरानी 24 घंटे की जा रही है। बिलासपुर मंडल अंतर्गत नौ स्टेशनों में सीसी कैमरे लगाए गये हैं। इसमें अंबिकापुर में 14 कैमरे लगाए गए हैं। एचडी प्रकार का कैमरा चेहरे पहचानने वाला साफ्टवेयर से लैस है।
इससे स्टेशन में अपराध में कमी, यात्रियों तथा उनके सामानों की सुरक्षा में वृद्धि, संदिग्ध गतिविधियों की रोकथाम होगी तथा साक्ष्य संग्रहण करने में आसानी होगी। इसका सीधा लाभ यात्रियों को सुरक्षित व भयमुक्त यात्रा के रूप में मिलेगा। साथ ही साथ रेलवे की संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वाले शरारती तत्वों और रेल में अपराध करने वालों पर भी अंकुश लगाने में मदद मिलेगी।