
नईदुनिया प्रतिनिधि, अंबिकापुर : अंबिकापुर-रामानुजगंज राष्ट्रीय राजमार्ग पर जिले के पस्ता थाना क्षेत्र अंतर्गत सेमरसोत जंगल के अमझरनाला के पास गुरुवार को गढ़वा से अंबिकापुर जा रही यात्रियों से भरी एक बस सड़क किनारे पलट गई। सामने से आ रहे ट्रक को साइड देने के दौरान बस का पहिया गीली मिट्टी में धंस गया, जिससे चालक बस पर नियंत्रण नहीं रख सका। हादसे के बाद यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। हालांकि राहत की बात रही कि बस धीरे से पलटी, इस कारण बस में सवार सभी यात्री और चालक सुरक्षित हैं। किसी को गंभीर चोट नहीं आई।
जानकारी के अनुसार गुरुवार शाम बस गढ़वा से अंबिकापुर की ओर अंबिकापुर-रामानुजगंज राष्ट्रीय राजमार्ग से होते हुए जा रही थी। सेमरसोत जंगल के अमझरनाला के पास सड़क संकरी होने के कारण विपरीत दिशा से आ रहे ट्रक को रास्ता देने के लिए बस को सड़क के किनारे उतारना पड़ा।
मौके पर पहुंची पुलिस
पिछले 24 घंटे से लगातार हो रही बारिश के कारण सड़क किनारे की मिट्टी गीली और नरम हो गई थी। इसी दौरान बस का पहिया मिट्टी में धंस गया और देखते ही देखते बस सड़क किनारे पलट गई।बस पलटते ही यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। हादसे की सूचना मिलते ही पस्ता पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। गनीमत रही कि बस धीरे-धीरे पलटी, इसलिए किसी यात्री को गंभीर चोट नहीं आई।
सभी यात्री सुरक्षित हादसे के बाद यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की गई। इसके बाद यात्री अपने गंतव्य की ओर रवाना हो गए। पुलिस के अनुसार अंबिकापुर-रामानुजगंज राष्ट्रीय राजमार्ग पर कई स्थानों पर संकरी सड़क और लगातार बारिश के कारण सड़क किनारे की मिट्टी कमजोर होने से यह हादसा हुआ। लगातार बारिश से जंगल के भीतर राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे की स्थिति खराब हो गई है, जिससे हादसे का खतरा बना हुआ है। राष्ट्रीय राजमार्ग पर बरियों के पास चिकनी मिट्टी से सड़क खेत बन चुकी है।