राहुल गांधी के दौरे पर साय का तंज: कुछ लोग जेल में हैं, कुछ बेल पर हैं और कुछ जेल जाने की तैयारी में
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के प्रस्तावित राज्य दौरे पर तीखा तंज कसा है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के दौरों का परिणाम पूरा देश जानता है। योग दिवस पर लगे डोम में फर्जीवाड़े के आरोपों को खारिज करते हुए सीएम ने कहा कि छत्तीसगढ़ को लूटने वाले आज बेबुनियाद आरोप लगा रहे हैं।
By Paritosh DubeyEdited By: Paritosh Dubey
Publish Date: Sun, 21 Jun 2026 09:24:17 AM (IST)Updated Date: Sun, 21 Jun 2026 09:24:17 AM (IST)
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय। अर्काइव नईदुनिया प्रतिनिधि, रायपुर। छत्तीसगढ़ में राजनैतिक पारा एक बार फिर चढ़ गया है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी के प्रस्तावित छत्तीसगढ़ दौरे को लेकर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बेहद तीखा हमला बोला है। मीडिया से बातचीत में मुख्यमंत्री साय ने तंज कसा और कहा कि राहुल गांधी जहां-जहां जाते हैं, वहां उनकी पार्टी का क्या हश्र होता है, यह बात अब पूरा देश अच्छी तरह से जानता है। कांग्रेस की ओर से योग दिवस के आयोजनों में लगाए गए डोम और टेंट में कथित फर्जीवाड़े के आरोपों पर मुख्यमंत्री ने कड़ा पलटवार किया।
कुछ लोग जेल में हैं और कुछ जाने की तैयारी में
साय ने कहा कि भाजपा सरकार पर बेबुनियाद आरोप लगाने वालों को सबसे पहले अपने गिरेबान में झांकना चाहिए। उन्होंने पिछली भूपेश बघेल सरकार पर सीधा निशाना साधते हुए कहा कि जिन लोगों ने पिछले पांच वर्षों में छत्तीसगढ़ को बेरहमी से लूटा और अनगिनत घोटाले किए, वे आज शुचिता की बात कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने आक्रामक लहजे में कहा कि कांग्रेस के कई बड़े नेता और अधिकारी इस समय घोटालों के कारण जेल में हैं, कुछ बेल पर बाहर हैं और कई अन्य लोग जल्द ही जेल जाने की तैयारी में हैं।
2028 की बिसात बिछी, राहुल आज छत्तीसगढ़ में
राजनैतिक विश्लेषकों के अनुसार, राहुल गांधी का रविवार को हो रहा छत्तीसगढ़ दौरा राज्य की सियासत के लिहाज से महत्वपूर्ण है। विधानसभा चुनाव में मिली करारी हार और उसके बाद लोकसभा चुनाव में भी मनमुताबिक परिणाम न मिलने के कारण राज्य में कांग्रेस कार्यकर्ताओं का मनोबल गिरा हुआ है। राहुल गांधी का यह दौरा पार्टी संगठन में नई जान फूंकने, अंदरूनी कलह को शांत करने और जमीनी कार्यकर्ताओं को रिचार्ज करने के उद्देश्य से तय किया गया है।
राज्य सरकार को घेरने की रणनीति
राहुल गांधी के दौरे के जरिए कांग्रेस प्रदेश की साय सरकार को घेरने की रणनीति बना रही है। गांधी पार्टी के जिलाध्यक्षों के लिए आयोजित कार्यशाला को संबोधित करेंगे।