
नईदुनिया प्रतिनिधि अंबिकापुर: उत्तरी छत्तीसगढ़ में नवंबर के दूसरे पखवाड़े में मौसम के दो अलग-अलग रंग देखने को मिल रहे हैं। एक ओर उत्तर भारत में हुई बर्फबारी के प्रभाव से सरगुजा संभाग में ठंड का असर बढ़ा हुआ है, वहीं दूसरी ओर बंगाल की खाड़ी में विकसित हो रहा चक्रवाती तूफान मौसम का मिजाज बदलने के संकेत दे रहा है।
मौसम विभाग के अनुसार बंगाल की खाड़ी में बना कम दबाव का क्षेत्र गहरे अवदाब में तब्दील हो रहा है। इसके आगामी 24 घंटे में चक्रवाती तूफान का रूप लेने की संभावना है। इसे अकवान नाम दिया गया है। इसके 19 और 20 नवंबर को आंध्र प्रदेश के तट से टकराने की आशंका है।
तूफान का सर्वाधिक प्रभाव दक्षिणी छत्तीसगढ़ यानी बस्तर क्षेत्र में देखने को मिल सकता है, लेकिन इसके प्रभाव से उत्तरी छत्तीसगढ़ का मौसम भी अछूता नहीं रहेगा। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 19 से 21 नवंबर के बीच सरगुजा संभाग में बादलों की आवाजाही बढ़ सकती है। इस दौरान कुछ स्थानों पर हल्की वर्षा होने की संभावना है। इससे पिछले कुछ दिनों से जारी ठंड के स्वरूप में भी बदलाव देखने को मिल सकता है।
ठंडी हवाओं के साथ कोहरे का असर
इधर अंबिकापुर सहित सरगुजा संभाग के मैदानी और ग्रामीण इलाकों में सुबह के समय घना कोहरा छा रहा है। न्यूनतम तापमान 11 से 12 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है। पश्चिमोत्तर दिशा से आ रही ठंडी हवाओं के कारण रात और सुबह तेज ठंड महसूस हो रही है। उत्तर भारत के पहाड़ी क्षेत्रों में हुई बर्फबारी का असर भी यहां के तापमान पर पड़ रहा है।
हालांकि आगामी दिनों में हवा की दिशा बदलकर दक्षिण-पूर्वी होने की संभावना है। इससे न्यूनतम तापमान में कुछ वृद्धि हो सकती है और ठंड से आंशिक राहत मिल सकती है। लेकिन चक्रवाती तूफान के प्रभाव से बादल छाने और वर्षा होने की स्थिति में मौसम फिर करवट ले सकता है। ऐसे में उत्तरी छत्तीसगढ़ में अगले कुछ दिन ठंड, कोहरे और संभावित बारिश के बीच गुजरने के आसार हैं।