
नईदुनिया प्रतिनिधि,अंबिकापुर: 15 नवंबर से शुरू होने वाली धान खरीदी से पहले डिजिटल फसल सर्वे और गिरदावरी का काम अधूरा होने से किसानों की बढ़ती परेशानियों को लेकर ब्लाक कांग्रेस कमेटी दरिमा ने मोर्चा खोल दिया है। पूर्व कांग्रेस जिलाध्यक्ष राकेश गुप्ता और ब्लाक अध्यक्ष नारद गुप्ता के नेतृत्व में कांग्रेस पदाधिकारियों एवं किसानों ने सरगुजा कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपकर किसानों की समस्याओं के निराकरण की मांग की।
कांग्रेस ने ज्ञापन में कहा है कि पटवारियों की हड़ताल के कारण डिजिटल फसल सर्वे का काम अधूरा पड़ा है। पंजीकृत किसानों की सूची चस्पा नहीं होने से दावा-आपत्ति की प्रक्रिया प्रभावित हो रही है। वहीं, गिरदावरी में पूर्व में धान बेचने वाले कई किसानों का रकबा शून्य प्रदर्शित हो रहा है। इससे किसानों के सामने इस वर्ष धान विक्रय को लेकर असमंजस की स्थिति निर्मित हो गई है।
हड़ताल के चलते दो से पांच प्रतिशत किसानों का पंजीयन भी नहीं हो पाने की आशंका है। ऐसे में समय रहते समस्याओं का निराकरण नहीं हुआ तो धान खरीदी प्रभावित हो सकती है।किसानों के साथ बैठक के बाद पूर्व कांग्रेस जिलाध्यक्ष राकेश गुप्ता ने कहा कि दरिमा ब्लाक ही नहीं, पूरे जिले में किसानों की कमोबेश यही स्थिति है।
धान विक्रय को लेकर किसान परेशान और असमंजस में हैं। उन्होंने कहा कि पटवारियों की जायज मांगों का सरकार को तत्काल निराकरण करना चाहिए, ताकि वे काम पर लौटकर धान खरीदी के महत्वपूर्ण सीजन से पहले राजस्व संबंधी लंबित कार्य पूरे कर सकें और किसानों को राहत मिल सके।
यह भी पढ़ें- बलरामपुर में पंचायत प्रतिनिधियों का हल्लाबोल, मानदेय वृद्धि और 50 लाख अधिकार के लिए सौंपा ज्ञापन
ज्ञापन सौंपने के दौरान जिला पंचायत सदस्य अनीमा केरकेट्टा, गुरुशरण सिंह, अजीत राम, अरुण गुप्ता, रामसाय मिंज, प्रमेन्द्र सरजाल, संजीव कश्यप, रामप्रकाश, जयपाल यादव, नरेश नेटी सहित कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में क्षेत्र के किसान उपस्थित थे।
दरिमा में सहकारी बैंक शाखा और विकासखंड की मांग
कांग्रेस ने किसानों की समस्याओं के साथ दरिमा को विकासखंड बनाने और यहां सहकारी बैंक की शाखा खोलने की मांग भी उठाई। इस संबंध में नायब तहसीलदार को अलग से ज्ञापन सौंपा गया।बताया गया है कि दरिमा क्षेत्र की चार सहकारी समितियों में पूर्व के आंकड़ों के मुताबिक 10 हजार से अधिक पंजीकृत किसान हैं। बैंकिंग लेनदेन के लिए इन्हें अंबिकापुर शाखा पर निर्भर रहना पड़ता है।
अंबिकापुर मुख्य शाखा पर दरिमा क्षेत्र की चार समितियों के अलावा अंबिकापुर क्षेत्र की छह समितियों का भी भार है। ऐसे में दरिमा में सहकारी बैंक की शाखा खुलने से मुख्य शाखा का दबाव कम होगा और स्थानीय किसानों को बैंकिंग सुविधाओं के लिए अंबिकापुर नहीं जाना पड़ेगा। प्रधानमंत्री के नाम प्रेषित ज्ञापन में दरिमा को विकासखंड घोषित करने की मांग की गई है।
कांग्रेस का तर्क है कि क्षेत्र में पहले से ही विकासखंड स्तर के अधिकांश कार्यालय संचालित हैं। सरगुजा का एकमात्र व्यावसायिक हवाई अड्डा मां महामाया एयरपोर्ट और घुनघुट्टा परियोजना भी इसी क्षेत्र में स्थित हैं। वर्तमान अंबिकापुर विकासखंड मुख्यालय से दरिमा की दूरी करीब 18 किलोमीटर है। ऐसे में दरिमा को विकासखंड का दर्जा मिलने से स्थानीय जरूरतों के अनुरूप विकास योजनाओं का निर्माण और उनका क्रियान्वयन आसान होगा।