नईदुनिया प्रतिनिधि,अंबिकापुर: सरगुजा, सूरजपुर और बलरामपुर जिले में 19 लोगों की जान ले चुका कुख्यात कबरा हाथी अब वन विभाग के रडार पर है। उसे काबू में करने के लिए उदयपुर के जंगल में अभियान शुरू कर दिया गया है। फिलहाल हाथी उदयपुर वन परिक्षेत्र के कुदर-बसवार व सायर गांव से लगे जंगल में मौजूद है।
प्रशिक्षित हाथी तीरथराम,दुर्योधन के साथ रायपुर के डा जयकिशोर जड़िया और बिलासपुर के डा पीके चंदन ,मुख्य वन संरक्षक वन्यप्राणी डा प्रणय मिश्रा, डीएफओ सरगुजा लोकनाथ पटेल के नेतृत्व में ट्रैकर, महावतों के साथ बड़ी संख्या में वन व पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों को अभियान में लगाया गया है।
रात में ही पहुंच गए थे विशेषज्ञ व प्रशिक्षित हाथी
कबरा हाथी को ट्रेंक्यूलाइज कर कालरिंग की अनुमति मिलते ही गुरुवार शाम को सूरजपुर के रमकोला रेस्क्यू सेंटर से दो प्रशिक्षित कुमकी हाथी दुर्योधन और तीरथराम को ट्रक से उदयपुर लाया गया। रात में दोनों को रामगढ़ में रखा गया। रायपुर से डा जयकिशोर जड़िया और बिलासपुर से डा पीके चंदन की ट्रेंक्यूलाइज टीम भी शाम को उदयपुर पहुंच गई। शुक्रवार सुबह अधिकारियों ने पूरे अभियान की कार्ययोजना पर चर्चा की। अभियान में लगे अधिकारी-कर्मचारियों को उनका दायित्व समझाया।विभाग की योजना के अनुसार पहले कबरा हाथी की सटीक लोकेशन ली गई।
लोकेशन ट्रेस करने लगाया गया कुमकी हाथियों को
उदयपुर से करीब 15 किमी दूर सायर के जंगल में होने की पुष्टि पर कुमकी हाथियों को ट्रक से सायर ले जाया गया। यहां से तीरथराम को महावत व सहयोगी के साथ जंगल में ट्रैकिंग के लिए भेजा गया , जबकि दुर्योधन को बाहर स्टैंडबाय रखा गया । पूरी टीम वाकी-टाकी से जुड़ी रही। बाद में दुर्योधन को भी जंगल में भेजा गया था। सायर और कुदर-बसवार के जिस जंगल में कबरा हाथी की उपस्थिति है उसी के नजदीक 17 हाथियों की भी उपस्थिति है। ऐसे में कबरा हाथी को ट्रेंक्यूलाइज करना खतरनाक हो सकता है। इसलिए शुक्रवार को अभियान को पूरा नहीं किया जा सका। पूरी टीम साजो-सामान के साथ अभी भी उदयपुर क्षेत्र में ही डटी हुई है।
17 स्कूलों में रहा अवकाश
शुक्रवार को सुरक्षा के मद्देनजर सायर मार्ग पर बैरिकेडिंग कर ग्रामीणों को घर से बाहर न निकलने और जंगल की ओर न जाने की हिदायत दी गई । पगडंडी रास्ते भी बंद किए गए थे। अभियान के चलते सायर संकुल के शासकीय हाई स्कूल सायर, पूर्व माध्यमिक विद्यालय सायर, प्राथमिक शाला सायर, प्राथमिक शाला पटेलपारा, पूर्व माध्यमिक विद्यालय कुमदेवा, प्राथमिक शाला कुमदेवा, प्राथमिक शाला सत्तीमुड़ा, प्राथमिक शाला बिच्छलघाटी, प्राथमिक शाला कर्मीमारा, माध्यमिक शाला कुंदरबासर तथा संकुल केंद्र महेशपुर अंतर्गत प्राथमिक शाला मानपुर, प्राथमिक शाला मझवारपारा, माध्यमिक शाला मानपुर, प्राथमिक शाला उरांवपारा और सुखरीभंडार संकुल के प्राथमिक एवं माध्यमिक शाला सुखरीभंडार तथा प्राथमिक एवं माध्यमिक शाला महुआटिकरा में अवकाश घोषित किया गया था।
हाथियों के दल से दूर जाने की प्रतीक्षा
कबरा हाथी को ट्रेंक्यूलाइज करने के लिए अनुकूल परिस्थिति की प्रतीक्षा की जा रही है। 17 हाथियों के दल से इसके दूर चले जाने के बाद सपाट भूक्षेत्र में इसे ट्रेंक्यूलाइज कर कालर आइडी लगाई जाएगी और कुमकी हाथियों की मदद से कबरा हाथी को ट्रक में लोड कर सीधे रमकोला रेस्क्यू सेंटर ले जाया जाएगा। पहले कालर लगाकर जंगल में छोड़ने का विचार था, लेकिन लगातार हो रही जनहानि को देखते हुए अब उसे रेस्क्यू सेंटर में ही रखने का निर्णय लिया गया है।
समझिए कैसे चलेगा आपरेशन कबरा
- कबरा हाथी का लोकेशन ट्रैक कर ट्रेंक्यूलाइजिंग के लिए अनुकूल स्थल देखा जाएगा।
- आवश्यकता पड़ने पर प्रशिक्षित कुमकी हाथी को उसके सामने खड़ा किया जाएगा। यदि कबरा सहम गया तो काम आसान होगा।
- प्रशिक्षित वन्य जीव विशेषज्ञ कुमकी हाथी में सवार होकर कबरा हाथी से सुरक्षित दूरी तक पहुंचेंगे।
- कबरा हाथी को ट्रेंक्यूलाइज किया जाएगा। बेहोशी की स्थिति में भी वह खड़ा रहता है फिर उसकी कालरिंग की जाएगी।
- रेडियो कालरिंग के बाद कुमकी हाथियों की मदद से उसे ट्रक पर चढ़ाया जाएगा।
- ट्रक से ही उसे रमकोला स्थित हाथी रेस्क्यू सेंटर ले जाया जाएगा।वहां उसे क्राल बनाकर रखा जाएगा।
कबरा हाथी का लोकेशन ट्रेस कर लिया गया था। जिस स्थल पर वह था,उसी के नजदीक 17 हाथियों का दल मौजूद था। सुरक्षा मानकों के हिसाब से यह परिस्थिति सही नहीं थी। विशेषज्ञों के साथ विभागीय टीम लगातार अभियान में लगी हुई है। कबरा हाथी को ट्रेंक्यूलाइज कर रेडियो कालर लगाया जाएगा।
डा प्रणय मिश्रा मुख्य वन संरक्षक वन्य प्राणी सरगुजा वनवृत्त