
नईदुनिया प्रतिनिधि,अंबिकापुर: सरगुजा जिले के उदयपुर वन परिक्षेत्र अंतर्गत आने वाले ग्राम बासेन और चकेरी में हाथियों के दल की लगातार मौजूदगी से ग्रामीणों और किसानों की नींद उड़ गई है। उदयपुर क्षेत्र में लंबे समय से विचरण कर रहे 12 हाथियों के एक दल ने रविवार रात करीब 8 बजे ग्राम चकेरी में जमकर तबाही मचाई। हाथियों ने जहां खेतों में तैयार खड़ी धान की फसल को रौंदकर पूरी तरह बर्बाद कर दिया, वहीं घर के पास बंधी एक भैंस को बेरहमी से कुचलकर मार डाला।
घटना ग्राम चकेरी की है, जहां मवेशी मालिक जगत राम (पिता सुखदेव) ने अपनी भैंस को रोज की तरह घर के पास खूंटे में बांधकर रखा था। रविवार रात जब 12 हाथियों का झुंड अचानक गांव में दाखिल हुआ, तो बंधी होने के कारण बेजुबान भैंस भाग नहीं सकी। हाथियों ने उसे अपने पैरों तले कुचल दिया, जिससे मौके पर ही उसकी दर्दनाक मौत हो गई।
स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि उदयपुर परिक्षेत्र में हाथियों का दल पिछले कई दिनों से डेरा जमाए हुए है। आए दिन किसानों की खून-पसीने की गाढ़ी कमाई से उगाई गई फसलों को तहस-नहस किया जा रहा है। रात ढलते ही ग्रामीण अनहोनी की आशंका में खौफजदा हो जाते हैं और अपने परिवारों की सुरक्षा के लिए रतजगा करने को विवश हैं।
हाथियों के हमले की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। वन अधिकारियों ने बताया कि मृत मवेशी का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम (PM) की प्रक्रिया पूर्ण करा ली गई है। पीड़ित मवेशी मालिक जगत राम को शासन के नियमानुसार शीघ्र राहत राशि दिलाने हेतु मुआवजा प्रकरण तैयार किया जा रहा है। साथ ही ग्रामीणों को जंगलों की ओर न जाने और हाथियों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की चेतावनी दी गई है।