
0 झोलाछाप डॉक्टर से कराया था इलाज
बतौली । नईदुनिया न्यूज
बतौली क्षेत्र के भटको पंचायत निवासी युवक की गुरुवार सुबह बुखार से मौत हो गई है। युवक का इलाज बतौली के एक झोलाछाप डाक्टर ने किया था। युवक की मौत से भटको में सन्नाटा पसरा हुआ है। दो महीने पहले ही युवक की शादी हुई थी।
भटको निवासी सजीवन दास पिता औधा राम 21 वर्ष पिछले तीन-चार दिनों से बुखार से पीड़ित था। बुधवार को दोपहर तीन से चार बजे तक उसने अपने खेत में हल चलाया था और उसके बाद बुखार बढ़ने पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बतौली इलाज कराने आया था, लेकिन अवकाश होने की वजह से वह सिर्फ कुछ गोलियां लेकर घर चला गया था। बुधवार को ही उसने बतौली के झोलाछाप डाक्टर से कुछ इंजेक्शन लगवाए थे। गुरुवार सुबह उसके मुंह से अचानक खून आने लगा और देखते ही देखते उसकी मौत हो गई। परिजन गुरुवार सुबह उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले आए थे। चिकित्सक ने प्राथमिक जांच के बाद ही उसे मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि सजीवन दास दो भाइयों और एक बहन में सबसे छोटा था। दो महीने पहले ही उसकी शादी हुई थी।