अंबिकापुर में महिंद्रा डीलरशिप के कर्मचारी का बड़ा फर्जीवाड़ा, वाहन बुकिंग के नाम पर ग्राहकों से हड़पे लाखों रुपये
अंबिकापुर के स्टार ऑटोमोबाइल्स डीलरशिप में कार्यरत असिस्टेंट मैनेजर पर वाहन बुकिंग के नाम पर तीन ग्राहकों से करीब 3 लाख रुपये हड़पने का आरोप लगा है।
Publish Date: Thu, 22 Oct 2026 07:50:09 PM (IST)Updated Date: Thu, 22 Oct 2026 07:50:09 PM (IST)
Demo pic aiHighLights
- अंबिकापुर के स्टार ऑटोमोबाइल्स में वाहन बुकिंग के नाम पर ठगी।
- असिस्टेंट मैनेजर सतीश कुमार पर ग्राहकों से 3 लाख गबन का आरोप।
- मैनेजर की शिकायत पर गांधीनगर पुलिस ने दर्ज किया आपराधिक मामला।
नईदुनिया प्रतिनिधि,अंबिकापुर: शहर के एमजी रोड अजिरमा स्थित महिंद्रा थ्री व्हीलर डीलरशिप स्टार आटोमोबाइल्स के एक कर्मचारी पर वाहन बुकिंग के नाम पर तीन ग्राहकों से करीब तीन लाख रुपये की धोखाधड़ी करने का आरोप लगा है। कंपनी के मैनेजर की शिकायत पर गांधीनगर पुलिस ने आरोपित के विरुद्ध केस दर्ज कर लिया है।
स्टार आटोमोबाइल्स के मैनेजर गुलशेर अहमद ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है कि उनके यहां रामपुर कोतवाली निवासी सतीश कुमार पिता बुधेलाल असिस्टेंट मैनेजर (सेल्स मैनेजर) के पद पर कार्यरत था। आरोपित ने कंपनी के नियमों के विपरीत जाकर ग्राहकों से नकद और अपने निजी खाते में आनलाइन रकम लेकर कंपनी के खाते में जमा नहीं की और ग्राहकों को वाहन भी नहीं दिया।
मैनेजर के अनुसार पहला मामला ग्राम खुखरी बघिमा बलरामपुर निवासी मटरूराम बेक का है। उनसे आरोपित ने एक लाख रुपये अपने निजी अकाउंट में आनलाइन ट्रांसफर करा लिए।
दूसरा मामला बिलासपुर चौक लक्ष्मीपुर अंबिकापुर निवासी मीना एक्का पति भूषण मुंडा का है। उनसे एक लाख 45 हजार रुपये नकद लिए गए। रकम की स्वीकृति के तौर पर ग्राहक के नाम से सहमति पत्र और बतौर सिक्योरिटी बैंक का चेक क्रमांक , राशि एक लाख 50 हजार रुपये का देकर भरोसे में लिया, लेकिन यह रकम भी कंपनी में जमा नहीं की गई।
तीसरा मामला वार्ड नंबर एक कुम्हारपारा कटोरा बैकुंठपुर, कोरिया निवासी अयोध्या प्रसाद पिता जय कुमार का है। उनसे कुल 55 हजार रुपये, जिसमें 25 हजार नकद और 30 हजार रुपये आनलाइन लिए गए।मैनेजर ने आवेदन के साथ तीनों ग्राहकों के आधार कार्ड, ट्रांजेक्शन स्लिप, स्वीकृति पत्र और सिक्योरिटी चेक की छायाप्रति भी पुलिस को सौंपी है।
शिकायत में कहा गया है कि आरोपित कर्मचारी द्वारा की गई इस हरकत से न केवल ग्राहकों के साथ धोखाधड़ी हुई है, बल्कि डीलरशिप की साख पर भी बट्टा लगा है। प्रबंधन ने पुलिस से ट्रांजेक्शन की गहन जांच कर ग्राहकों की राशि वापस कराने और आरोपित सतीश कुमार के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की मांग की है।