
नईदुनिया प्रतिनिधि, अंबिकापुर : लग्जरी कार में सवार होकर गांवों में घूमना, पहले घरों की रेकी करना और फिर रात के अंधेरे में दरवाजा तोड़कर बकरा-बकरी पार कर देना। सूरजपुर जिले के लटोरी क्षेत्र में सक्रिय शातिर चोरों के गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। गिरोह के पांच सदस्य चोरी की वारदातों को अंजाम देने के लिए सियाज कार का इस्तेमाल करते थे। इसके लिए वाहन मालिक को हर रात सात हजार रुपये किराया दिया जाता था।
'पुलिस ने चोरी करने वाले पांच आरोपितों के साथ ही कार मालिक अजीत पैकरा और चोरी के मवेशी खरीदने वाले नुरुल्लाह खान को गिरफ्तार किया है। इस तरह मामले में कुल सात आरोपितों की गिरफ्तारी हुई है। पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त सियाज कार, चोरी की दो बकरी और चोरी में इस्तेमाल किए जाने वाले औजार जब्त किए हैं। शेष बकरों को काटकर बेच देने की बात आरोपितों ने बताई।
पुलिस के अनुसार, लटोरी चौकी क्षेत्र में लगातार हो रही बकरा-बकरी चोरी की घटनाओं ने पशुपालकों की चिंता बढ़ा दी थी। पहली घटना करवा गांव की है, जहां एक-दो नवंबर की दरम्यानी रात मोहम्मद मुस्लिम अंसारी के घर का दरवाजा तोड़कर चोर दो बकरा और दो बकरी ले गए थे। दूसरी घटना जगतपुर गांव की है। यहां 20-21 नवंबर की दरम्यानी रात सुरेश कुमार कुशवाहा के घर का दरवाजा तोड़कर तीन बकरा और दो बकरी चोरी कर लिए गए। दोनों घटनाओं में कुल नौ मवेशी चोरी हुए थे।
यह भी पढ़ें- खुदा का मसीहा बताकर सरगुजांचल में लाखों की ठगी, उत्तरप्रदेश का युवक हिरासत में, पीर बनकर लूटा
लगातार हो रही घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार पटेल ने आरोपितों की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश देवांगन और एसडीओपी अभिषेक पैंकरा के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित की गई। इसी बीच 24 नवंबर को मुखबिर से सूचना मिली कि सफेद रंग की सियाज कार क्रमांक सीजी 10 व्ही 9456 में कुछ संदिग्ध लटोरी क्षेत्र में घूम रहे हैं। पुलिस टीम ने सोनवाही जंगल के पास घेराबंदी कर कार सवार पांच लोगों को पकड़ा।
पूछताछ में उनकी पहचान अमीनुल्लाह खान पिता अब्दुल्लाह (25), निवासी रायकेरा टोकापारा, थाना सीतापुर
पहले करते थे रेकी, मवेशियों के मुंह पर लगाते थे टेप
गिरोह का चोरी करने का तरीका भी हैरान करने वाला था। आरोपित वारदात वाले गांव में दो से तीन घंटे पहले पहुंच जाते थे और आसपास के घरों तथा गतिविधियों की रेकी करते थे। इसके बाद मौका देखकर घरों में घुसते और बकरा-बकरियों के मुंह पर प्लास्टिक टेप चिपका देते थे, ताकि मवेशी आवाज न कर सकें। इसके बाद उन्हें कार में लादकर फरार हो जाते थे। चोरी किए गए मवेशियों को दूसरे गांव में ले जाकर बेच दिया जाता था।
हर रात सात हजार रुपये में किराए की कार
पूछताछ में पांचों आरोपितों ने चोरी किए गए मवेशियों को सीतापुर थाना क्षेत्र के रायकेरा टोकापारा निवासी नुरुल्लाह खान पिता सफार (45) को बेचने की जानकारी दी। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उसने चोरी के दो बकरा खरीदना स्वीकार किया। वहीं, सियाज कार का मालिक अजीत पैकरा पिता शंभूनाथ पैकरा (26), निवासी ग्राम बालमपुर, थाना सीतापुर आरोपितों को प्रत्येक रात सात हजार रुपये किराये पर कार उपलब्ध कराता था। इसी कार का इस्तेमाल चोरी की वारदातों में किया जाता था।
पुलिस ने उसे भी गिरफ्तार कर लिया। इस प्रकार चोरी करने वाले पांच आरोपितों, वाहन मालिक और खरीदार समेत कुल सात लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से चोरी की दो बकरी, सियाज कार क्रमांक सीजी 10 व्ही 9456, लोहे का रॉड, पेचकस और प्लास्टिक टेप जब्त किया है। खरीदार नुरुल्लाह खान के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 317(4) तथा संगठित होकर चोरी की वारदातों को अंजाम देने के मामले में आरोपितों के विरुद्ध धारा 112 भी जोड़ी गई है।
लटोरी से लखनपुर तक पांच जगहों पर की चोरी
पुलिस की पूछताछ में गिरोह ने लटोरी चौकी क्षेत्र में दो, खड़गवां चौकी क्षेत्र में दो और सरगुजा जिले के लखनपुर क्षेत्र में एक स्थान सहित कुल पांच जगहों पर चोरी की वारदातों में संलिप्तता बताई है। गिरफ्तार आरोपितों में कुछ का पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है। खरीदार नुरुल्लाह खान पूर्व में बगीचा थाना क्षेत्र में बकरा चोरी के मामले में संलिप्त रहा है। दिलचन्द दास उर्फ ममता मोटरसाइकिल चोरी तथा वाहन मालिक अजीत पैकरा रामानुजगंज में ज्वेलरी दुकान चोरी के मामले में संलिप्त रहा है।
इस कार्रवाई में लटोरी चौकी प्रभारी सुनील सिंह, एएसआई वरुण तिवारी, प्रधान आरक्षक रामनिवास तिवारी, रविशंकर सहित आरक्षक विकास मिश्रा, शोभनाथ कुशवाहा, संतोष जायसवाल, मनोज सिरदार, सुनील एक्का, हरिओम पांडेय और युवराज यादव की सक्रिय भूमिका रही।