
नईदुनिया प्रतिनिधि,अंबिकापुर: अंबिकापुर से हवाई संपर्क बढ़ाने की कवायद के बीच रायपुर से अंबिकापुर होते हुए वाराणसी तक नई हवाई सेवा शुरू करने की तैयारी चल रही है। एलायंस एयर कंपनी ने इसके लिए शीतकालीन उड़ान समय सारणी नागरिक उड्डयन महानिदेशालय को भेजी है। प्रस्ताव के अनुसार सप्ताह में दो दिन इस मार्ग पर हवाई सेवा संचालित की जा सकती है। इसके अलावा सप्ताह में एक दिन रायपुर-अंबिकापुर होते हुए रांची या पटना तक भी सेवा शुरू करने की योजना है।
अंबिकापुर से लगभग 12 किमी दूर ग्राम दरिमा स्थित मां महामाया एयरपोर्ट से लंबी प्रतीक्षा के बाद पहले रायपुर-बिलासपुर-अंबिकापुर तक 19 सीटर विमान सेवा शुरू की गई थी। अनियमित उड़ान से यात्रियों की संख्या कम होती चली गई। आखिरकार यह सेवा बंद हो गई।
कालांतर में एलायंस एयर कंपनी ने बिलासपुर-अंबिकापुर-दिल्ली और कोलकाता के लिए हवाई सेवा शुरू की थी। शुरुआती दिनों में दोनों रुट पर यात्रियों की पर्याप्त उपलब्धता से उड़ान निर्बाध रूप से होती रही। कालांतर में यात्रियों की कमी के कारण कोलकाता की सेवा बंद कर दी गई।
वर्तमान में बिलासपुर-अंबिकापुर-दिल्ली हवाई सेवा सप्ताह में दो दिन सोमवार और बुधवार को संचालित हो रही है। चर्चा है कि शीतकालीन समय सारणी में इसे घटाकर सप्ताह में एक दिन किया जा सकता है, हालांकि इसकी अधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। विधायक प्रबोध मिंज ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा है जिसमें उन्होंने चर्चा के आधार पर जानकारी दी है कि दिल्ली की फ्लाइट एक दिन किया जा सकती है हालांकि यह सिर्फ संभावना है क्योंकि विमान कंपनी ने 21 अक्टूबर के बाद की टिकट बुकिंग भी अभी शुरू नहीं की है।
कोलकाता सेवा बंद होने के बाद अब रायपुर से अंबिकापुर होते हुए वाराणसी के लिए हवाई सेवा का प्रस्ताव तैयार किया गया है। सूत्रों के अनुसार एलायंस एयर ने इस मार्ग की प्रस्तावित समय सारणी महानिदेशालय को भेज दी है। प्रस्ताव के अनुसार सप्ताह में दो दिन उड़ान संचालित हो सकती है। कंपनी की टिकट बुकिंग की समय सारणी तो दी गई है, लेकिन वाराणसी, रांची या पटना को अभी इसमें नहीं जोड़ा गया है। समय सारणी को मंजूरी मिलने के बाद इन मार्गों की जानकारी अद्यतन की जा सकती है।
शीतकालीन समय सारणी में बिलासपुर-अंबिकापुर-दिल्ली उड़ान को सप्ताह में दो दिन से घटाकर एक दिन करने की चर्चा है। बताया जा रहा है कि नए मार्ग शुरू होने के कारण यह बदलाव किया जा सकता है।वहीं लुंड्रा विधायक प्रबोध मिंज ने मुख्यमंत्री को ज्ञापन देकर दिल्ली उड़ान को कम करने के बजाय सप्ताह में चार दिन संचालित करने की मांग की है। उनके अनुसार इस उड़ान में यात्रियों की संख्या पर्याप्त है, इसलिए इसे बढ़ाया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि लंबी प्रतीक्षा के बाद राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली तक सीधी विमान सेवा की शुरुआत की गई है।सप्ताह में दो दिन चलने के कारण यात्रियों की भी पर्याप्त संख्या रहती है। ऐसा नहीं है कि इस रूट पर यात्री नहीं मिल रहे हैं इसलिए ऐसे सप्ताह में चार दिन करना चाहिए ताकि सरगुजा अंचल के लोगों को ज्यादा से ज्यादा लाभ मिल सके।
मां महामाया एयरपोर्ट के निदेशक सुशील श्रीवास्तव ने बताया कि फिलहाल दिल्ली की उड़ान सप्ताह में दो दिन संचालित हो रही है।शीतकालीन समय सारणी को लेकर अभी उनके पास अधिकारिक जानकारी नहीं आई है। नागरिक उड्डयन महानिदेशालय से मंजूरी मिलने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।
उन्होंने बताया कि ऐसा सुनने में आया है कि एलायंस एयर की ओर से वाराणसी और रांची या पटना के लिए सेवा शुरू करने की पहल की गई है लेकिन जब तक अधिकृत जानकारी नहीं मिल जाती और शेड्यूल नहीं मिल जाता तब तक कुछ कहना जल्दबाजी होगी।