बलरामपुर में भीषण सड़क हादसा: धान रोपाई से लौट रही महिला मजदूरों की पिकअप पलटी, दो की मौत
बलरामपुर के शंकरगढ़ में मजदूरों से भरी पिकअप पलटने से दो महिलाओं की मौत हो गई और तीन गंभीर रूप से घायल हैं। पिकअप में 20-25 महिलाएं सवार थीं। पुलिस ने पिकअप जब्त कर चालक की तलाश शुरू कर दी है।
Publish Date: Thu, 16 Jul 2026 11:54:23 AM (IST)Updated Date: Thu, 16 Jul 2026 11:54:23 AM (IST)
प्रतीकात्मक चित्रHighLights
- मालवाहकों में मजदूरों का अवैध परिवहन लगातार हो रहे हादसों की मुख्य वजह।
- पुलिस ने वाहन जब्त कर चालक की धरपकड़ के लिए टीमें गठित की।
- मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर में गंभीर रूप से घायल महिलाओं का इलाज जारी।
नईदुनिया प्रतिनिधि, अंबिकापुर : बलरामपुर जिले के शंकरगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम जारगिम में बुधवार रात धान रोपाई से लौट रही महिला मजदूरों से भरी पिकअप अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में दो महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन की हालत गंभीर है। पिकअप में 20 से 25 महिला मजदूर सवार थीं। कई अन्य महिलाओं को भी चोटें आई हैं।
जानकारी के अनुसार परेवा गांव की महिला मजदूरों को बुधवार को धान रोपाई के लिए जारगिम-जुड़वानी ले जाया गया था। रात को सभी मजदूर पिकअप से वापस परेवा लौट रही थीं। इसी दौरान एक मोड़ पर तेज रफ्तार के कारण चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और पिकअप पलट गई। हादसे में विमला नगेशिया 40 वर्ष और कामेश्वरी पैकरा 46 वर्ष, दोनों निवासी परेवा की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही शंकरगढ़ पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंची। सभी घायलों को 108 एम्बुलेंस से शंकरगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। तीन महिलाओं की हालत गंभीर होने पर उन्हें मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर रेफर किया गया। अन्य घायलों का इलाज शंकरगढ़ अस्पताल में चल रहा है।
प्रारंभिक जांच में पता चला है कि महिलाओं को छोड़ने जा रही पिकअप ने रास्ते में एक अन्य पिकअप को टक्कर मार दी थी। ग्रामीणों के पीछा करने के डर से चालक तेज रफ्तार में वाहन भगाने लगा। इसी दौरान मोड़ पर वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
सरगुजा, सूरजपुर और बलरामपुर जिले में धान रोपाई के सीजन में मजदूरों को एक गांव से दूसरे गांव ले जाने के लिए मालवाहकों का उपयोग किया जाता है। ट्रैक्टर, पिकअप तथा मिनी ट्रक में क्षमता से अधिक मजदूरों को भरकर ले जाया जाता है, जिससे दुर्घटना की संभावना बनी रहती है। प्रशासन की सख्ती के बावजूद हर साल ऐसे हादसे सामने आते हैं। पुलिस ने पिकअप जब्त कर चालक की तलाश शुरू कर दी है।