
नईदुनिया प्रतिनिधि, अंबिकापुर: कोतवाली थाना क्षेत्र के ग्राम केपी में दशहरे की रात पत्नी की डंडे और एज्बेस्टस सीट के टुकड़े से पीटकर हत्या करने वाले पति आलोक गिरी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार दशहरा त्यौहार के अवसर पर पड़ोस के बसंत गिरी के मकान में दशई त्यौहार पर डीजे लगाकर नाच-गान हो रहा था। आरोपित आलोक गिरी अपनी पत्नी मृतका मानमती के साथ वहां नाचने गया हुआ था।नाचने के दौरान ही पति-पत्नी के बीच घरेलू बात को लेकर विवाद शुरू हो गया। आरोपित ने वहीं बसंत के घर में ही पत्नी के साथ मारपीट शुरू कर दी। इसके बाद वह उसे जबरदस्ती खींचकर अपने घर ले आया।
घर पहुंचते ही आरोपित ने घर में रखी लोहे की पाइप और सूखी लकड़ी के डंडे से पत्नी पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। मारपीट के दौरान मृतिका जमीन पर गिर गई, तो आरोपित ने पास में पड़ा एस्बेस्टस सीट का नुकीला टुकड़ा उठाकर उसके सिर पर पटक दिया।
सिर पर गंभीर चोट लगने से मानमती की मौके पर ही मौत हो गई।घटना की सूचना मृतका की मां मालती देवी ने थाने में दी। उसकी रिपोर्ट पर पुलिस ने अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की।विवेचना के दौरान पुलिस ने आरोपित के कब्जे से घटना में प्रयुक्त लोहे की पाइप, लकड़ी का सूखा डंडा, कारकट सीट का टुकड़ा और मृतका की टूटी हुई चूड़ी जब्त कर ली है।पूछताछ में आरोपित ने अपराध करना स्वीकार कर लिया है।
पुलिस की विवेचना और आरोपित के बयान से स्पष्ट हुआ है कि मारपीट की शुरुआत दशई नाच के दौरान पड़ोसी के घर में ही हो गई थी। विवाद के बाद आरोपित पत्नी को घर लाया और वहां लोहे की पाइप, लकड़ी के डंडे और एस्बेस्टस शीट के टुकड़े से पीट-पीटकर मार डाला।
मृतका के परिजनों ने बताया कि आलोक और मानमती की शादी करीब 11 साल पहले हुई थी। दंपती का एक नौ साल का बच्चा भी है। स्वजन का आरोप है कि आलोक शराब पीने का आदी था और पहले भी दो बार नशे में मानमती के साथ बेरहमी से मारपीट कर चुका था।
मारपीट से तंग आकर मानमती मायके चली गई थी, लेकिन कुछ महीने पहले आलोक ने माफी मांगकर उसे समझा-बुझाकर वापस घर ले आया था।कोतवाली पुलिस ने बुधवार सुबह घटनास्थल का निरीक्षण किया था और स्वजन के बयान दर्ज किए थे। फरार आरोपित की पतासाजी के लिए टीम गठित की गई थी, जिसे घेराबंदी कर पकड़ लिया गया। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त डंडा भी जब्त कर लिया है।
यह भी पढ़ें- मोबाइल हैक कर SECL के रिटायर्ड कर्मी से 1.39 लाख की ठगी, क्रेडिट कार्ड से फ्लिपकार्ट पर कर डाली ताबड़तोड़ खरीदी