बलरामपुर में बेरहमी की हदें पार, प्राथमिक शाला में पहाड़ी कोरवा छात्र की बांस के डंडे से जमकर पिटाई
छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले के राजपुर विकासखंड स्थित प्राथमिक शाला बालक आश्रम जिगड़ी में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि प्रधान पाठक बिपता र...और पढ़ें
Publish Date: Wed, 19 Aug 2026 10:26:33 AM (IST)Updated Date: Wed, 19 Aug 2026 10:26:33 AM (IST)
छात्र के पैर में आई चोटHighLights
- आदिवासी छात्र को डंडे से पीटने का सनसनीखेज मामला।
- कक्षा पांचवीं के मासूम छात्र पर शिक्षक का कहर।
- जिला शिक्षा अधिकारी ने दिए जांच के आदेश।
नईदुनिया प्रतिनिधि, बलरामपुर : लगातार सुर्खियों में रहने वाला शिक्षा विभाग एक बार फिर प्रधान पाठक की कार्यशैली को लेकर चर्चा में है। विकासखंड राजपुर के प्राथमिक शाला बालक आश्रम जिगड़ी में कक्षा पांचवीं के एक पहाड़ी कोरवा छात्र की प्रधान पाठक द्वारा बेरहमी से पिटाई किए जाने का आरोप लगा है। छात्र के स्वजन और ग्रामीणों के अनुसार यह घटना गुरुवार सुबह करीब 11 बजे की है।
आरोप है कि किसी बात को लेकर प्रधान पाठक बिपता राम रवि नाराज हो गए और उन्होंने छात्र को बांस के डंडे से जमकर पीटा। घटना के समय छात्र का बड़ा भाई भी स्कूल में मौजूद था।पिटाई के बाद छात्र किसी तरह स्कूल से निकला और उस घर पहुंचा जहां से वह रोजाना स्कूल आता-जाता था।
वहां मौजूद लोगों को उसने पूरी घटना की जानकारी दी। इसके बाद स्वजन और ग्रामीणों ने बच्चे का उपचार कराया। मामले की सूचना पुलिस को दी गई है। घटना की जानकारी मिलते ही छत्तीसगढ़ सर्व आदिवासी समाज के जिला अध्यक्ष बसंत कुजूर छात्र से मिलने पहुंचे। इसके बाद उन्होंने स्कूल जाकर मामले की वास्तविकता की जानकारी ली।
यह भी पढ़ें- बिलासपुर में दिन में छाया अंधेरा, कोरबा में बाढ़ का खतरा, अगले 24 घंटों तक बारिश से राहत नहीं
बसंत कुजूर ने घटना की निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने वाले प्रधान पाठक के विरुद्ध तत्काल कार्रवाई की मांग को लेकर जिला शिक्षा अधिकारी से चर्चा की है।
जिला शिक्षा अधिकारी एमआर यादव ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में आ गया है। उन्होंने विकासखंड शिक्षा अधिकारी को जांच के लिए निर्देशित किया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद दोषी पाए जाने पर कार्रवाई की जाएगी।